सहारनपुर स्थित सिद्ध पीठ श्री शाकंभरी देवी मंदिर परिक्षेत्र में देर रात बड़ा हादसा हो गया, जब शिवालिक पहाड़ियों में हुई भारी बारिश के बाद अचानक बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। मंदिर क्षेत्र की खोल (बरसाती नदी) में तेज गति से पानी आने के कारण श्रद्धालुओं में भगदड़ मच गई और लोग जान बचाने के लिए सुरक्षित स्थानों की ओर भागने लगे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पानी का बहाव इतना तेज था कि निर्माण कार्य में लगी क्रेन, जनरेटर, ट्रैक्टर-ट्रॉलियां, कारें और कई मोटरसाइकिलें बह गईं। बाद में इनमें से कई वाहन नदी के किनारे मलबे में दबे हुए मिले। सुबह होने पर श्रद्धालु और स्थानीय लोग अपने वाहनों को मलबे से निकालने का प्रयास करते दिखाई दिए।

इस प्राकृतिक आपदा में कुछ दुकानों को भी नुकसान पहुंचा है। सबसे दुखद बात यह रही कि तेज बहाव की चपेट में आने से दो महिलाओं की जान चली गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।
बाढ़ की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। एसडीएम मानवेंद्र सिंह, तहसीलदार, नायब तहसीलदार, इंस्पेक्टर मिर्जापुर सूबे सिंह और इंस्पेक्टर बेहट जितेंद्र सिंह दीक्षित समेत कई अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। प्रशासन द्वारा प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और नुकसान का आकलन करने का कार्य जारी है।