वाराणसी। धर्म और संस्कृति की नगरी काशी में शारदीय नवरात्रि और दुर्गा पूजा का उत्साह चरम पर है। शहर के विभिन्न इलाकों में आकर्षक पूजा पंडाल सजाए गए हैं। इसी कड़ी में शिवपुर मिनी स्टेडियम में राजस्थान के प्रसिद्ध हवा महल की तर्ज पर तैयार किया गया भव्य पंडाल श्रद्धालुओं और दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
शिवपुर मिनी स्टेडियम में हवा महल की शैली में बनाए गए पूजा पंडाल को तैयार करने में करीब दो महीने का समय लगा। बारीक कारीगरी और आकर्षक बनावट के कारण यह पंडाल लोगों का ध्यान खींच रहा है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग यहां पहुंचकर पंडाल की भव्यता देख रहे हैं। आयोजकों के मुताबिक, प्रतिदिन एक से दो लाख श्रद्धालुओं और दर्शकों के पहुंचने की संभावना है।

पंडाल में आने वाले लोगों की सुरक्षा और सुगम दर्शन के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। परिसर में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसके अलावा व्यवस्था संभालने के लिए वॉलंटियर्स और बाउंसर तैनात किए गए हैं, ताकि भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिल सके।
काशी में शारदीय नवरात्रि के दौरान नौ गौरी और नवदुर्गा मंदिरों में दर्शन-पूजन की परंपरा है। वहीं, महाषष्ठी से विजयादशमी तक विभिन्न क्षेत्रों में सजे पूजा पंडाल शहर की सांस्कृतिक विरासत और धार्मिक आस्था को प्रदर्शित करते हैं। शिवपुर का हवा महल जैसा पंडाल इस बार दुर्गा पूजा के प्रमुख आकर्षणों में शामिल है। इसकी भव्य सजावट और सुरक्षा व्यवस्थाओं के बीच श्रद्धालु उत्साहपूर्वक मां दुर्गा के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।