Uttar Pradesh News: देव दीपावली 2026 (Dev Deepawali 2026) को लेकर धर्मनगरी काशी में तैयारियां शुरू हो गई हैं। बता दें इस खास अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम (Shri Kashi Vishwanath Dham) को भव्य और दिव्य रूप में सजाया जाएगा। बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। धाम में आकर्षक सजावट के साथ सुरक्षा, स्वच्छता और भीड़ प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
देव दीपावली के अवसर पर श्री काशी विश्वनाथ धाम को कई प्रकार के सुगंधित और आकर्षक फूलों से सजाया जाएगा। इसके साथ ही पूरे परिसर में रंग-बिरंगी विद्युत झालरें लगाई जाएंगी। धाम के अलग-अलग स्थानों पर सुंदर पुष्प रंगोलियां भी बनाई जाएंगी। शाम होते ही मंदिर परिसर दीपों की रोशनी से जगमगा उठेगा। दीप प्रज्ज्वलन के साथ भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहेगा।
देव दीपावली पर काशी में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। ऐसे में इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन ने दर्शन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए विशेष योजना तैयार की है। श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के लिए निर्धारित दर्शन मार्गों पर एंड-टू-एंड बैरिकेडिंग की गई है। इससे भीड़ को काबू करने और दर्शनार्थियों को बिना किसी अव्यवस्था के बाबा के दर्शन कराने में मदद मिलेगी।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए धाम के अलग-अलग स्थानों पर आरओ के शुद्ध पेयजल की व्यवस्था की गई है। वहीं, स्वच्छता बनाए रखने के लिए सफाई एजेंसी को लगातार साफ-सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। मंदिर परिसर में स्वच्छता के उच्च मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
सुरक्षा के लिहाज से मंदिर प्रशासन ने पहले से निर्धारित एसओपी के अनुसार सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। संबंधित कर्मचारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा धाम में तैनात सभी कर्मचारियों को श्रद्धालुओं के साथ विनम्र और सहयोगात्मक व्यवहार करने के लिए प्रशिक्षित किया गया है।
मंदिर प्रशासन का कहना है कि देव दीपावली पर काशी आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, स्वच्छ और श्रद्धापूर्ण माहौल में बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन-पूजन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। पर्व के दौरान सभी व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी भी की जाएगी।
ये भी पढ़ें: लोनी में बीजेपी को बड़ा झटका, सपा में शामिल हुए अनिल कसाना