1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं को दिया जनसंपर्क बढ़ाने का मंत्र

यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं को दिया जनसंपर्क बढ़ाने का मंत्र

गोरखपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और यूपी सह-प्रभारी अभिषेक दत्त ने ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जनसंपर्क तेज कर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का आह्वान किया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
यूपी चुनाव 2027 की तैयारी में जुटी कांग्रेस, अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं को दिया जनसंपर्क बढ़ाने का मंत्र

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर कांग्रेस ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में गोरखपुर पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं उत्तर प्रदेश के सह-प्रभारी अभिषेक दत्त ने कलेक्टर सभागार में ब्लॉक स्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।बैठक के दौरान अभिषेक दत्त ने कार्यकर्ताओं को चुनावी तैयारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने गांव-गांव और घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान तेज करने के साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए अभी से पूरी ताकत के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया।

भाजपा के मुख्यमंत्री चेहरे पर उठाए सवाल

अभिषेक दत्त ने भाजपा द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को 2027 के विधानसभा चुनाव का चेहरा बनाए जाने के दावे पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह या भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष की तरफ से इस संबंध में अभी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।उन्होंने कहा कि भाजपा जब अपने मुख्यमंत्री चेहरे की औपचारिक घोषणा करेगी, उसके बाद गठबंधन भी अपने चेहरे को लेकर फैसला करेगा।

राजघाट हादसे पर सरकार को घेरा

गोरखपुर के राजघाट क्षेत्र में गुंबद गिरने से दो अधिवक्ताओं की मौत के मामले पर भी कांग्रेस नेता ने सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हादसे में दो लोगों की जान गई और संबंधित गुंबद कुछ वर्ष पहले ही बनाया गया था। अभिषेक दत्त ने मृतक अधिवक्ताओं के परिवारों को 5-5 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की। साथ ही हादसे की जिम्मेदारी तय करने और पीड़ित परिवारों को उचित मदद देने की मांग उठाई।

अमरमणि तिवारी से मुलाकात से किया इनकार

पूर्व मंत्री अमरमणि तिवारी से एयरपोर्ट पर मुलाकात को लेकर पूछे गए सवाल पर अभिषेक दत्त ने साफ कहा कि उनकी उनसे कोई मुलाकात नहीं हुई है।इस दौरान उन्होंने भाजपा सरकार की नीतियों पर भी सवाल उठाए और कार्यकर्ताओं से सरकार की नीतियों को लेकर जनता के बीच जाने तथा कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने का आह्वान किया।

प्रदीप आनंद श्रीवास्तव की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...