रायबरेली जिले में स्कूली बच्चों को ले जा रहे दो वाहनों की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा भदोखर थाना क्षेत्र के बेला भेला इलाके के पास हुआ, जहां सत्यनारायणी स्कूल की बस और लियो कॉन्वेंट स्कूल की मैजिक वाहन आपस में भिड़ गए। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना में कई स्कूली बच्चे घायल हो गए, जबकि मैजिक वाहन चालक को भी चोटें आई हैं।
हादसे की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल बच्चों और चालक को तत्काल सीएचसी बेला भेला पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। वहीं, लियो कॉन्वेंट स्कूल के एक छात्र की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

घटना की सूचना मिलते ही भदोखर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की ओर से घायल बच्चों के उपचार और पूरे मामले की जानकारी जुटाने की प्रक्रिया जारी है।