लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार 7 जुलाई को प्रतापगढ़, सुल्तानपुर और वाराणसी के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री सबसे पहले प्रतापगढ़ पहुंचेंगे, जहां वह राजकीय इंटर कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। यहां मुख्यमंत्री 384 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 111 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद वह जनसभा को संबोधित कर जनता को सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी देंगे।
प्रतापगढ़ के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुल्तानपुर पहुंचेंगे। यहां कलेक्ट्रेट सभागार में वह अयोध्या मंडल के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग के पुराने कार्यों की समीक्षा बैठक करेंगे। साथ ही नए प्रस्तावित कार्यों की कार्ययोजना पर भी अधिकारियों के साथ चर्चा करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री सुल्तानपुर और इसौली विधानसभा क्षेत्रों में 819 करोड़ रुपये से अधिक की 99 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को चेक और प्रशस्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे।

सुल्तानपुर दौरे के बाद मुख्यमंत्री वाराणसी पहुंचेंगे। यहां सर्किट हाउस में वह जिले के विकास कार्यों और कानून व्यवस्था की समीक्षा करेंगे। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ चल रहे प्रोजेक्ट और सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
वाराणसी प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बाबा कालभैरव मंदिर और इसके बाद काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद वह मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’ के बेटे के वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री वाराणसी स्थित सर्किट हाउस में रात्रि विश्राम करेंगे।