1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी ने की GBC-5.0 की समीक्षा , यूपी में 7 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव तैयार

सीएम योगी ने की GBC-5.0 की समीक्षा , यूपी में 7 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव तैयार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जीबीसी-5.0 और डिफेंस एफडीआई कॉन्क्लेव-2026 की समीक्षा करते हुए निवेश, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग, एफडीआई और औद्योगिक विकास को गति देने के निर्देश दिए। यूपी को हाई-टेक और निवेश हब बनाने पर जोर दिया गया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
सीएम योगी ने की GBC-5.0 की समीक्षा , यूपी में 7 लाख करोड़ से अधिक निवेश प्रस्ताव तैयार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ स्थित सरकारी आवास पर इन्वेस्ट यूपी से जुड़े अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी (GBC-5.0) की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 7 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतरने के लिए तैयार हैं और प्रत्येक जनपद में निवेश सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय बढ़ाने के लिए मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर को मजबूत करना आवश्यक है।

बैठक के दौरान अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को लीड्स 2025 रैंकिंग में उत्तर प्रदेश को मिले एग्जेम्प्लर अवॉर्ड से अवगत कराया। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश लॉजिस्टिक्स और इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को बधाई देते हुए निवेशकों के लिए बेहतर माहौल बनाने पर जोर दिया।

बैठक में GBC-5.0 आयोजन की तैयारियों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण दिया गया। एग्जीबिशन को आठ जोन में विभाजित किया गया है, जिसमें “व्हाई यूपी”, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिफेंस एवं एयरोस्पेस, ईवी एवं ग्रीन एनर्जी, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, टेक्सटाइल्स, टूरिज्म और फूड प्रोसेसिंग सेक्टर में प्रदेश की उपलब्धियों को प्रदर्शित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब पारंपरिक औद्योगिक राज्य की छवि से आगे बढ़कर रक्षा निर्माण, इलेक्ट्रॉनिक्स, ग्रीन एनर्जी, डेटा सेंटर, लॉजिस्टिक्स और हाई-टेक मैन्युफैक्चरिंग का उभरता राष्ट्रीय हब बन रहा है। उन्होंने डिफेंस कॉरिडोर में बढ़ती भूमि मांग के मद्देनजर पर्याप्त भूमि उपलब्ध कराने और पुराने लंबित निवेश प्रोजेक्ट्स की समीक्षा करने के निर्देश दिए।

बैठक में उत्तर प्रदेश रक्षा एवं एफडीआई कॉन्क्लेव-2026 का भी प्रस्तुतीकरण किया गया। प्रस्तावित कॉन्क्लेव में रक्षा मंत्रालय, वैश्विक कंपनियां, रक्षा विशेषज्ञ, स्टार्टअप्स और एमएसएमई को एक मंच पर लाने की योजना है। सरकार का लक्ष्य यूपी में दीर्घकालिक डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम विकसित करना है।

अधिकारियों ने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक्स डेस्क के तहत 8,050 करोड़ रुपये से अधिक के निवेश आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि स्टील एवं सीमेंट, टेक्सटाइल्स और ऑटोमोबाइल सेक्टर में भी बड़े निवेश प्रस्ताव आए हैं। जापान, सिंगापुर, जर्मनी, यूके, यूएई और दक्षिण कोरिया से भी हजारों करोड़ रुपये के संभावित निवेश प्रस्ताव मिले हैं। मुख्यमंत्री ने आगामी विदेशी बिजनेस मिशन ट्रिप्स को प्रभावी ढंग से आयोजित करने के निर्देश दिए।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...