1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. सीएम योगी ने जनता दर्शन कर 170 फरियादियों की सुनी समस्या, लापरवाह अधिकारियों पर गिर सकती है गाज

सीएम योगी ने जनता दर्शन कर 170 फरियादियों की सुनी समस्या, लापरवाह अधिकारियों पर गिर सकती है गाज

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि हर परेशान व्यक्ति के साथ पूरी तरह संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें संतुष्ट किया जाए।

By: Satyam Dubey  RNI News Network
Updated:
सीएम योगी ने जनता दर्शन कर 170 फरियादियों की सुनी समस्या, लापरवाह अधिकारियों पर गिर सकती है गाज

सीएम योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास पर जनता दर्शन कार्यक्रम में 170 लोगों की समास्याएं सुनी। फरियादियों ने सीएम योगी से मिलकर अपनी समस्या को उनके सामने रखा। इस दौरान सीएम योगी एक एक कर सभी फरियादियों से मिलने पहुंचे। उन्होंने समस्याओं को ना सिर्फ सुना बल्कि आलाधिकारियों को उसके गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी निस्तारण के लिए निर्देशित किया। सीएम ने सूबे के विभिन्न जिलों से आए फरियादियों की समस्याएं सुनने के बाद डीजीपी और प्रमुख सचिव गृह को ऐसे जिलों की लिस्ट बनाने के लिए भी कहा, जहां से लोग लगातार समस्याएं लेकर आ रहे हैं।

उन्होंने थाना, ब्लॉक और तहसील स्तर पर सही ढंग से समस्याओं का निस्तारण ना करने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय करते हुए लापरवाह अफसरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के लिए भी आलाधिकारियों को निर्देशित किया। वहीं, जनता दर्शन के दौरान सीएम योगी ने फरियादियों को आश्वस्त किया कि किसी को भी चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। उनकी हर समस्या का समाधान निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से जल्द से जल्द कराया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी प्रार्थना पत्रों को विषयानुसार प्रशासन व पुलिस के अफसरों को हस्तगत करने के निर्देश दिये।

सीएम योगी ने अधिकारियों से कहा कि हर परेशान व्यक्ति के साथ पूरी तरह संवेदनशील रवैया अपनाया जाए और जल्द से जल्द उनकी समस्याओं का समाधान कर उन्हें संतुष्ट किया जाए। इसमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सीएम योगी के पास ज्यादातर लोग गंभीर बीमारियों के इलाज में आर्थिक सहायता की गुहार लेकर आए थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि इलाज संबंधी इस्टीमेट की प्रक्रिया पूर्ण करते हुए जल्द शासन को उपलब्ध कराया जाए।

उन्होंने कहा कि हर जरूरतमंद को इलाज के लिए भरपूर सहायता राशि उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं, भूमि और संपत्ति विवाद के मामलों को संबंधित अधिकारियों को भेजकर जल्द से जल्द निस्तारित करने के निर्देश दिये। गुरुवार को भी सीएम योगी ने जनता दर्शन कार्यक्रम के दौरान लोगों की समस्याएं सुनी थी। गुरूवार को उन्होंने अपने सरकारी अवास पर 180 फरियादियों की समस्याएं सुनकर जल्द से जल्द निस्तारण करने का निर्देश दिया था।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...