1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, 3-4 सितंबर को मथुरा-वृंदावन का दौरा

श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, 3-4 सितंबर को मथुरा-वृंदावन का दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 और 4 सितंबर 2026 को मथुरा-वृंदावन के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। वह वृंदावन में विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों में शामिल होने के साथ श्री बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करेंगे। 4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि पहुंचकर गो-पूजन और दर्शन-पूजन करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव में शामिल होंगे सीएम योगी आदित्यनाथ, 3-4 सितंबर को मथुरा-वृंदावन का दौरा

मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव कार्यक्रम में शामिल होने के लिए 3 सितंबर को मथुरा-वृंदावन के दो दिवसीय दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन और शासन स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं। उनके दौरे के दौरान धार्मिक स्थलों के दर्शन के साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं से जुड़े कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं।

3 सितंबर को वृंदावन से शुरू होगा दौरा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 3 सितंबर को दोपहर करीब 1 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से परखम स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से भक्ति स्थल मार्ग का निरीक्षण करेंगे। करीब 1:25 बजे मुख्यमंत्री गीता शोध संस्थान, वृंदावन पहुंचेंगे। यहां ब्रज तीर्थ विकास परिषद की बैठक के अलावा मेला एवं विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण और शिलान्यास से जुड़े कार्यक्रम होंगे। इस दौरान वृक्षारोपण, ब्रज दर्शन कार्यक्रम का समापन और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए जाने का कार्यक्रम भी है।

बांके बिहारी मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन

कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:20 बजे वृंदावन स्थित श्री बांके बिहारी जी मंदिर पहुंचेंगे। यहां वह भगवान के दर्शन और पूजन करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री मथुरा स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान परिसर में स्थित अशोका अतिथि गृह जाएंगे, जहां रात्रि विश्राम प्रस्तावित है।

4 सितंबर को श्रीकृष्ण जन्मभूमि जाएंगे सीएम

मुख्यमंत्री के दौरे के दूसरे दिन 4 सितंबर को सुबह करीब 9:55 बजे वह श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर पहुंचेंगे। यहां सबसे पहले गो-पूजन का कार्यक्रम निर्धारित है। इसके बाद मुख्यमंत्री श्रीकृष्ण जन्मभूमि परिसर में दर्शन और पूजन करेंगे। दर्शन-पूजन के बाद मुख्यमंत्री वापस अशोका अतिथि गृह पहुंचेंगे और कुछ देर बाद हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।

11:10 बजे हेलीकॉप्टर से प्रस्थान

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 4 सितंबर को सुबह करीब 11:05 बजे पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु चिकित्सा विज्ञान विश्वविद्यालय एवं गो अनुसंधान संस्थान स्थित हेलीपैड पहुंचेंगे। यहां से करीब 11:10 बजे राजकीय हेलीकॉप्टर से मथुरा से प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दो दिवसीय दौरे को देखते हुए प्रशासन द्वारा सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...