1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जनवरी में गोंडा में होगा बृजभूषण का बड़ा धार्मिक आयोजन

जनवरी में गोंडा में होगा बृजभूषण का बड़ा धार्मिक आयोजन

यूपी चुनाव 2027 से पहले बृजभूषण शरण सिंह गोंडा के नंदिनी नगर में 2 से 8 जनवरी तक 'सनातन की ओर कथा 2.0' का आयोजन कराने जा रहे हैं।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
जनवरी में गोंडा में होगा बृजभूषण का बड़ा धार्मिक आयोजन

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) से पहले धार्मिक आयोजनों के जरिए सियासी गतिविधियां भी शुरू होती नजर आ रही हैं। दरसअल, राजनीतिक दलों के नेता जनसभाओं और रैलियों के साथ धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी लोगों के बीच अपनी सक्रियता बढ़ा रहे हैं। इस कड़ी में बीजेपी के पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह एक बार फिर बड़े धार्मिक आयोजन की तैयारी कर रहे हैं। वह गोंडा के नंदिनी नगर में ‘सनातन की ओर कथा 2.0’ का आयोजन कराने जा रहे हैं। यह कार्यक्रम 2 जनवरी से 8 जनवरी 2027 तक प्रस्तावित है।

2 से 8 जनवरी तक चलेगा कथा का आयोजन

बृजभूषण शरण सिंह की ओर से आयोजित होने वाली इस कथा को लेकर तैयारियां शुरू की जा रही हैं। बता दें सात दिनों तक चलने वाले इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजन का नाम ‘सनातन की ओर कथा 2.0’ रखा गया है। नंदिनी नगर पहले भी बृजभूषण शरण सिंह के बड़े धार्मिक आयोजनों का केंद्र रहा है। ऐसे में इस आयोजन को लेकर राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा शुरू हो गई है। इसकी वजह उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाला विधानसभा चुनाव है। चुनाव से पहले धार्मिक कार्यक्रमों की बढ़ती संख्या को राजनीतिक गतिविधियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से की मुलाकात

कथा आयोजन की तैयारियों के बीच बृजभूषण शरण सिंह ने 26 नवंबर को लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। यह मुलाकात मुख्यमंत्री आवास पर हुई। इस दौरान पूर्व सांसद ने मुख्यमंत्री की मां सावित्री देवी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त की।

बृजभूषण ने बताया कि वह अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके थे। इसी वजह से मुख्यमंत्री से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने इस मुलाकात को पारिवारिक और शिष्टाचार भेंट बताया। मुलाकात के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपने प्रस्तावित कथा आयोजन की जानकारी भी दी।

जनवरी 2026 में भी हुआ था बड़ा आयोजन

नंदिनी नगर में बृजभूषण शरण सिंह पहले भी राष्ट्रकथा का आयोजन करा चुके हैं। जनवरी 2026 में आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। इसके अलावा कई चर्चित राजनीतिक चेहरे भी कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

ऐसे में अब एक बार फिर जनवरी 2027 में होने वाले इस आयोजन पर सभी की नजरें रहेंगी। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले धार्मिक कार्यक्रमों की बढ़ती गतिविधियों के बीच ‘सनातन की ओर कथा 2.0’ भी चर्चा का विषय बन सकता है।

ये भी पढ़ें: योगी का अखिलेश पर तीखा प्रहार, कहा- ‘सैफई सिंडिकेट सिर्फ नोट गिनता है’

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...