1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. ब्रजेश पाठक का राहुल गांधी पर हमला: नफरत और अराजकता की राजनीति का आरोप

ब्रजेश पाठक का राहुल गांधी पर हमला: नफरत और अराजकता की राजनीति का आरोप

लखनऊ में भाजपा प्रेस वार्ता में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर नफरत, अराजकता और भारत विरोध की राजनीति करने का आरोप लगाया।

By: Abhinav Tiwari  RNI News Network
Updated:
ब्रजेश पाठक का राहुल गांधी पर हमला: नफरत और अराजकता की राजनीति का आरोप

लखनऊ। भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश के उपमुख्यमंत्री Brajesh Pathak ने मंगलवार को भाजपा राज्य मुख्यालय, लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस और Rahul Gandhi पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की तथाकथित “मुहब्बत की दुकान” में वास्तव में नफरत, अराजकता, दंगा और भारत विरोध का ही सामान मिल रहा है।

“कांग्रेस और राहुल गांधी झूठ की राजनीति की सीमा पार कर चुके हैं”

उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी ने झूठ की राजनीति के उस स्तर को छू लिया है, जहां से वापसी संभव नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी प्रतिदिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार पर तथ्यहीन आरोप लगाते हैं और सोशल मीडिया पर विष-वमन करते हैं, जो न केवल निंदनीय है बल्कि राष्ट्रविरोधी मानसिकता को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि आज पूरा देश देख रहा है कि राहुल गांधी की राजनीति का स्तर किस कदर गिर चुका है और उनका एकमात्र उद्देश्य अब जनता को उकसाना, अराजकता फैलाना और भारत की वैश्विक ताकत को कमजोर दिखाना रह गया है।

“वैश्विक मंचों पर भारत को बदनाम करने की साजिश”

ब्रजेश पाठक ने कहा कि जब भारत वैश्विक नेतृत्व की भूमिका निभा रहा है, तब एआई ग्लोबल समिट जैसे मंचों पर कांग्रेस नेताओं की हरकतों ने देश की गरिमा को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने आरोप लगाया कि राहुल गांधी द्वारा ऐसे कृत्यों का समर्थन करना यह साबित करता है कि इस पूरी गतिविधि की पटकथा के सूत्रधार वही हैं।

“विरोध लोकतंत्र का हिस्सा, लेकिन अराजकता स्वीकार नहीं”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार सभी को है, लेकिन विरोध के नाम पर नग्नता, अराजकता और हुड़दंग भारतीय संस्कृति और देश की महान परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की राजनीति का मतलब आज रा-रार, हु-हुड़दंग और ल-लफंगई बन चुका है, जिसे देश की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी।

“विदेशी प्रोपेगेंडा के सहारे प्रधानमंत्री पर हमला”

ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि विदेशी प्रोपेगेंडा मशीनों के सहारे भारत के प्रधानमंत्री पर कीचड़ उछालना राहुल गांधी की पुरानी आदत बन चुकी है। उन्होंने कहा कि सूरज पर थूकने से सूरज नहीं, बल्कि थूकने वाले का ही चेहरा गंदा होता है। उन्होंने यह भी कहा कि राहुल गांधी खुद को ‘बब्बर शेर’ बताने की कोशिश करते हैं, लेकिन वास्तविकता यह है कि वे विदेशी शक्तियों के मोहरे बनकर रह गए हैं। उनका एजेंडा भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था को रोकना और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश की छवि को नुकसान पहुंचाना है।

“राहुल गांधी बने भारत विरोधी ताकतों के प्रवक्ता”

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी आज देश में भारत विरोधी ताकतों के राष्ट्रीय प्रवक्ता बन चुके हैं और नकारात्मक राजनीति के सबसे बड़े ब्रांड एम्बेसडर हैं। अराजकता फैलाना, दंगे भड़काना, विदेशी मंचों पर भारत को बदनाम करना, फेक न्यूज और अफवाहों के जरिए लोगों को उकसाना-यही राहुल गांधी की राजनीति का परिचय है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गालियां देकर सुर्खियों में बने रहना चाहते हैं, लेकिन देश की जनता सब देख रही है और कांग्रेस तथा राहुल गांधी के “झूठ के साम्राज्य” को आने वाले समय में करारा जवाब देगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...