इटावा। जिले की चकरनगर तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत पथर्रा में प्रशासनिक लापरवाही का गंभीर मामला सामने आया है, जहां एक जीवित बुजुर्ग महिला को सरकारी रिकॉर्ड में मृत घोषित कर दिया गया। इसके चलते उनका राशन कार्ड भी निरस्त कर दिया गया, जिससे वह सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हो गई हैं।
ग्राम पंचायत पथर्रा निवासी कमला देवी, पत्नी स्वर्गीय अनोखेलाल, को सरकारी दस्तावेजों में मृत दर्ज कर दिया गया है। जब उन्हें इस बात की जानकारी मिली तो उन्होंने संबंधित रिकॉर्ड की जांच कराई, जिसमें यह बात सामने आई कि उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है, जिसके बाद उनका राशन कार्ड भी बंद कर दिया गया।
पीड़ित महिला ने बताया कि वह लंबे समय से गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं और आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज और ऑपरेशन कराने में असमर्थ हैं। उनका कहना है कि उनके पास आयुष्मान भारत योजना का कार्ड भी नहीं है, जिससे उन्हें सरकारी स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

कमला देवी ने इस मामले में चकरनगर उपजिलाधिकारी रोहित कुमार मौर्य को प्रार्थना पत्र देकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। साथ ही उन्होंने अपना राशन कार्ड पुनः बहाल करने और आयुष्मान योजना सहित अन्य सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने की अपील की है।
इस घटना के सामने आने के बाद प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब देखना होगा कि जिम्मेदार अधिकारियों पर क्या कार्रवाई होती है और पीड़ित महिला को कब तक न्याय और सरकारी योजनाओं का लाभ मिल पाता है।