ग्रेटर नोएडा: इंडियन एक्सपो मार्ट एंड सेंटर में आयोजित यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण में उत्तर प्रदेश आयुष विभाग के स्टॉल को ‘बेस्ट डिस्प्ले स्टैंड’ का पुरस्कार मिला। हॉल-4 में लगाए गए इस स्टॉल के जरिए प्रदेश में आयुष चिकित्सा, शोध, नवाचार और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कार्यों को देश-विदेश से आए आगंतुकों के सामने प्रस्तुत किया गया।
स्टॉल पर आगंतुकों को आयुर्वेद, योग, पंचकर्म और विभिन्न आयुष चिकित्सा पद्धतियों के साथ औषधि निर्माण, गुणवत्ता नियंत्रण और अनुसंधान से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई गई। प्रदेश में आयुष आधारित स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को भी प्रदर्शित किया गया।
आयुष विभाग ने उत्तर प्रदेश को वेलनेस टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की योजनाओं और प्रयासों को भी स्टॉल के माध्यम से सामने रखा। गुणवत्तापूर्ण आयुर्वेदिक उपचार और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष ध्यान दिया गया।

स्टॉल पर आयुष चिकित्सकों ने आगंतुकों की नाड़ी परीक्षा कर स्वास्थ्य संबंधी सुझाव दिए। इसके अलावा आयुर्वेदिक आहार-विहार, ऋतुचर्या और दैनिक जीवनशैली से जुड़ी उपयोगी जानकारी भी साझा की गई।
आयुष विभाग के उप निदेशक डॉ. राम कृपाल सहित गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद के क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारियों तथा जिला होम्योपैथी अधिकारी ने स्टॉल पर आने वाले लोगों का स्वागत किया। विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों ने आयोजन के दौरान स्टॉल के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाई।
‘बेस्ट डिस्प्ले स्टैंड’ का पुरस्कार आयुष विभाग की टीम की सामूहिक मेहनत और स्टॉल पर प्रस्तुत की गई जानकारी को मिली पहचान के रूप में देखा जा रहा है। ट्रेड शो में विभाग ने आयुष चिकित्सा और इससे जुड़ी संभावनाओं को व्यापक स्तर पर प्रदर्शित किया।