आजमगढ़। आगामी संभावित बाढ़ को देखते हुए आजमगढ़ जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में जिलाधिकारी रविन्द्र कुमार ने तहसील सगड़ी के ग्राम सहबदिया सुल्तानपुर स्थित बाढ़ एवं कटान प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर नदी किनारे चल रहे कटान रोधी कार्यों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई परकुपाइन (Porcupine) संरचनाओं और अन्य सुरक्षात्मक कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कटान रोधी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप और उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि नदी कटान रोकने के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जहां कटान का खतरा अधिक है, वहां अतिरिक्त सुरक्षात्मक उपाय प्राथमिकता के आधार पर किए जाएं, ताकि ग्रामीणों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने संबंधित विभाग को तट सुदृढ़ीकरण (Bank Strengthening) का प्रस्ताव शीघ्र तैयार कर शासन को भेजने के भी निर्देश दिए, जिससे भविष्य में कटान की समस्या का स्थायी समाधान किया जा सके।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि संभावित बाढ़ और नदी के जलस्तर पर लगातार निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पहले से सुनिश्चित रहें। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्राथमिक उद्देश्य बाढ़ और कटान से प्रभावित ग्रामीणों को सुरक्षित रखना तथा नुकसान को न्यूनतम करना है। निरीक्षण के दौरान सिंचाई विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।