लखनऊ : आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्व में बुधवार को राजधानी लखनऊ में प्रदेश पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनहित के मुद्दों को आक्रामक ढंग से उठाने और आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर व्यापक चर्चा की गई। बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद संजय सिंह ने प्रदेश की योगी सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी के आगामी तीन बड़े प्रदेशव्यापी कार्यक्रमों की घोषणा की और सरकार को भ्रष्टाचार, बेरोजगारी व नफ़रत की राजनीति के मुद्दे पर जमकर घेरा। इस मौके पर दिल्ली के पूर्व विधायक व उत्तर प्रदेश के सह प्रभारी दिलीप पांडेय, सह प्रभारी विशेष रवि और विधायक दिल्ली सुरेंद्र चौधरी मौजूद रहे। इसके अलावा निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, महासचिव दिनेश सिंह पटेल, सभी प्रांतों के प्रांत प्रभारी, प्रांत अध्यक्ष, प्रदेश के सभी प्रकोष्ठ अध्यक्ष, प्रदेश प्रकोष्ठों के महासचिव, जिला प्रभारी, जिला अध्यक्ष मौजूद रहे। इस दौरान चुनाव लड़ चुके पूर्व प्रत्याशी भी उपस्थित रहे।
2027 विधानसभा चुनाव: विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन की शुरुआत करेगी आप
2027 के यूपी विधानसभा चुनाव की रणनीति और सम्मेलनों पर बोलते हुए संजय सिंह ने कहा कि आज की बैठक में आगामी चुनाव को लेकर प्रस्ताव पारित हुआ है। उन्होंने घोषणा की कि सितंबर के अंतिम सप्ताह से आम आदमी पार्टी पूरे उत्तर प्रदेश में विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलनों की शुरुआत करने जा रही है। संजय सिंह ने कहा, “प्रदेश के विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की कितनी और कैसी हिस्सेदारी होगी, इस पर पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल जी और केंद्रीय नेतृत्व के साथ विस्तार से चर्चा की जाएगी। पार्टी आलाकमान तय करेगा कि हमें कितनी सीटों पर और किस रणनीति के तहत मजबूती से लड़ना है।”

27 सितंबर को भगत सिंह जयंती पर प्रदेश के सभी ज़िलों में विचार गोष्ठी और रक्तदान शिविर का होगा आयोजन
सांसद संजय सिंह ने पार्टी के पहले बड़े अभियान की जानकारी देते हुए कहा कि आगामी 27 सितंबर को शहीद-ए-आज़म भगत सिंह की जयंती के अवसर पर आम आदमी पार्टी प्रदेश के सभी ज़िलों में भव्य कार्यक्रम आयोजित करेगी। इस दिन सभी ज़िला मुख्यालयों पर विचार गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा और साथ ही बड़े पैमाने पर ब्लड डोनेशन (रक्तदान) शिविर लगाए जाएंगे, ताकि युवाओं को भगत सिंह जी के विचारों से जोड़ने के साथ-साथ समाज सेवा का संदेश दिया जा सके।
यूपी में नफ़रत की राजनीति, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अक्टूबर से प्रदेशव्यापी यात्रा निकालेगी आप
संजय सिंह ने बताया कि अक्टूबर माह से आम आदमी पार्टी पूरे प्रदेश में एक विशाल जन-यात्रा निकालेगी। यह यात्रा बेरोज़गारी, भाजपा की नफ़रत की राजनीति, प्रभु श्री राम के मंदिर में चंदा चोरी, कमरतोड़ महंगाई और सामाजिक अन्याय के ख़िलाफ़ होगी।उन्होंने कहा कि भाजपा जानबूझकर सहारनपुर, सम्भल, मुरादाबाद और मेरठ में माहौल बिगाड़कर हिंदू-मुसलमान का झगड़ा कराना चाहती है, क्योंकि उनके पास विकास का कोई एजेंडा नहीं है। साथ ही भ्रष्टाचार पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को घेरते हुए उन्होंने कहा, “राम पथ गमन मार्ग टूट गया और मंत्री जी बेशर्मी से कहते हैं कि ‘सड़क बनेगी तो धंसेगी और धंसेगी तो बनेगी’। सरकार में केवल टूटने, धंसने और कमीशन कमाने का खेल चल रहा है। 6 साल पहले मैंने जल जीवन मिशन में महाघोटाले का खुलासा किया था, आज उसी का नतीजा है कि बरेली में साढ़े तीन करोड़ की लागत से बनी पानी की टंकी बह गई। भाजपा ने न स्कूल छोड़ा, न अस्पताल, न सड़क, न बिजली, न पानी, और प्रभु श्री राम का मंदिर, राम पथ और अयोध्या के श्मशान तक के रास्ते में भी भ्रष्टाचार कर डाला।”

2 लाख पद खाली, फिर भी युवाओं को नौकरी नहीं; “अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया”
प्रदेश में बेरोज़गारी और युवाओं के दमन पर बोलते हुए सांसद संजय सिंह ने कहा कि प्रयागराज में डीएलएड प्रशिक्षित युवा भीषण आंदोलन कर रहे हैं। बेसिक शिक्षा में 2 लाख से अधिक पद खाली हैं, लेकिन सरकार भर्ती करने के बजाय स्कूल बंद कर रही है क्योंकि मोदी जी और योगी जी का असली नारा है ‘अनपढ़ रहेगा इंडिया, तभी तो अंधभक्त बनेगा इंडिया’। उन्होंने कहा कि 15 लाख डीएलएड युवा बेरोज़गार घूम रहे हैं। वहीं दूसरी तरफ, इंटर कॉलेजों में अचानक बीएड की अनिवार्यता थोपकर 7 लाख पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) छात्रों को शिक्षक भर्ती की दौड़ से बाहर कर दिया गया है। आम आदमी पार्टी मांग करती है कि इन छात्रों को कम से कम 2 साल की मोहलत दी जाए।
झूठे दावों में ‘अपने मुंह मियां मिट्ठू’ बन रही है भाजपा सरकार
प्रेस वार्ता में पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार ‘अपने मुंह मियां मिट्ठू’ बनने की बीमारी से ग्रस्त है। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में कौन सा ऐसा विभाग है जहां बिना रिश्वत काम हो रहा हो या कौन सी ऐसी परीक्षा है जिसका पेपर लीक न हुआ हो? उन्होंने कहा, “बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे पर 15 दिन में 90 गड्ढे हो गए, खुले मैनहोल में गिरकर लोग जान गंवा रहे हैं, क्योटो बनने चले प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी में पानी भरा हुआ है, और स्कूलों में बच्चों को नमक-रोटी मिल रही है। यह सरकार केवल कॉन्फिडेंस के साथ झूठ बोलने में माहिर है, लेकिन जनता अब इनके झांसे में आने वाली नहीं है।”