उत्तर प्रदेश में नोएडा में मजदूरों के आंदोलन के बाद भड़की हिंसा के बीच योगी आदित्यनाथ सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए श्रमिकों की मजदूरी में अंतरिम बढ़ोतरी का ऐलान कर दिया है। सरकार ने 1 अप्रैल 2026 से लागू होने वाले इस फैसले के तहत कुशल, अर्धकुशल और अकुशल श्रमिकों के वेतन में अधिकतम 21% तक इजाफा करने की घोषणा की है।
यह बढ़ोतरी खास तौर पर गौतमबुद्ध नगर और गाजियाबाद जैसे औद्योगिक जिलों में सबसे ज्यादा लागू की गई है। इन जिलों में मजदूरों के वेतन (मूल वेतन और महंगाई भत्ते सहित) में 21 फीसदी तक वृद्धि की गई है।
नए संशोधित अंतरिम वेतन के अनुसार, नोएडा और गाजियाबाद में अकुशल श्रमिकों की मजदूरी 13,690 रुपए, अर्ध कुशल श्रमिकों की 15,059 रुपए और कुशल श्रमिकों की 16,868 रुपए तय की गई है। वहीं, मूल मासिक वेतन अकुशल श्रमिकों के लिए यह 11,313.65 रुपए और दैनिक मजदूरी 435.14 रुपए निर्धारित की गई है। इसी तरह अर्धकुशल श्रमिकों को 12,446 रुपये रुपये और 478.69 रुपए प्रतिदिन मिलेंगे जबकि कुशल श्रमिकों के लिए मासिक वेतन 13,940.37 रुपये और दैनिक मजदूरी 536.16 रुपए तय की गई है।
इससे पहले नोएडा में सोमवार को हिंसक प्रदर्शन हुआ जहां हजारों फैक्टरी मजदूर वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आए थे। फेज-2 और सेक्टर-62 समेत कई इलाकों में प्रदर्शन के दौरान हालात बिगड़ गए और कुछ उपद्रवी तत्वों ने वाहनों में तोड़फोड़ की, यहाँ तक कि कुछ गाड़ियों में आग भी लगा दी गई। स्थिति को काबू में करने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू की और अफवाहों को रोकने के लिए तत्काल कदम उठाए हैं।