Uttar Pradesh News: सर्दियों में कोहरे और धुंध के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में इसे देखते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर वाहनों की गति सीमा कम करने का फैसला लिया गया है। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) ने 25 नवंबर 2026 से नई गति सीमा लागू करने के आदेश जारी किए हैं। यह व्यवस्था 15 फरवरी 2027 तक लागू रहेगी। इस दौरान एक्सप्रेसवे पर चलने वाले वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करना होगा।
प्राधिकरण के निर्देशों के अनुसार, जिन वाहनों के लिए अधिकतम गति सीमा 100 किलोमीटर प्रति घंटा निर्धारित है, उनकी रफ्तार घटाकर 75 से 90 किलोमीटर प्रति घंटा की जाएगी। सर्दियों में कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को सड़क पर आगे देखने में परेशानी होती है। ऐसे में तेज रफ्तार दुर्घटनाओं की वजह बन सकती है। नई गति सीमा लागू होने से सड़क हादसों की आशंका कम करने में मदद मिलेगी।
नई गति सीमा की जानकारी वाहन चालकों तक पहुंचाने के लिए एक्सप्रेसवे पर जगह-जगह डिस्प्ले बोर्ड लगाए जाएंगे। इसके अलावा समाचार पत्रों में भी इस संबंध में सूचना प्रकाशित कराई जाएगी, ताकि लोग सफर शुरू करने से पहले नए नियमों की जानकारी प्राप्त कर सकें।
दरसअल, कोहरे के दौरान सुरक्षित सफर सुनिश्चित करने के लिए प्राधिकरण ने कई अन्य कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। एक्सप्रेसवे के एंट्री-एग्जिट पॉइंट, टोल प्लाजा और रोड साइड सुविधाओं पर सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़े पंपलेट बांटे जाएंगे। टोल प्लाजा पर पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम (पीए सिस्टम) के जरिए वाहन चालकों को सावधानी बरतने की जानकारी दी जाएगी। इसके साथ ही रेडियो एफएम के माध्यम से भी सड़क सुरक्षा के उपायों का प्रसारण कराया जाएगा।
प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर लगे रिफ्लेक्टिव टेप और साइन बोर्ड की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए हैं। एंट्री और एग्जिट पॉइंट पर फॉग लाइट लगाने को भी कहा गया है। इससे कोहरे के दौरान वाहन चालकों को रास्ता देखने में आसानी होगी। इसके अलावा शनिवार, रविवार और छुट्टियों के दिनों में टोल प्लाजा पर वाहनों की अधिक आवाजाही को देखते हुए भीड़ नियंत्रण के इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं। संबंधित अधिकारियों को सभी सड़क सुरक्षा उपायों का सख्ती से पालन कराने और कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है।
ये भी पढ़ें: सीएम योगी का 27 नवंबर को गोंडा दौरा, गांव में तैयारियां हुई शुरू