1. हिन्दी समाचार
  2. गाजियाबाद
  3. हिंडन नदी का बढ़ा जलस्तर, पुलिस चौकी और सिटी फॉरेस्ट पार्क में घुसा पानी

हिंडन नदी का बढ़ा जलस्तर, पुलिस चौकी और सिटी फॉरेस्ट पार्क में घुसा पानी

हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद गाजियाबाद में कई ऐसे गांव हैं जिनमें पानी भरना शुरू हो गया है। गाजियाबाद के सुराणा गांव में भी पानी आने लगा है।

By: Satyam Dubey  RNI News Network
Updated:
हिंडन नदी का बढ़ा जलस्तर, पुलिस चौकी और सिटी फॉरेस्ट पार्क में घुसा पानी

इस वक्त देशभर में मानसूनी बारिश हो रही है। पहाड़ों पर भारी बारिश की वजह से यूपी की नदियां ऊफान पर हैं। जिससे नदी किनारे बसे गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। कुछ ऐसा ही हाल शहरों का भी है। देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद में भी बाढ़ का पानी कॉलोनियों में भर गया है। अभी यमुना के विकराल रूप से लोग ऊबर भी नहीं पाए थे कि अब हिंडन नदी भी ऊफान पर आ गई है। हिंडन का जलस्तर बढ़ने से पुलिस चौकी में पानी घुस गया है।

गाजियाबाद का सिटी फॉरेस्ट पार्क में हिंडन नदी का पानी बहुत तेजी से आ रहा है, और यहां सब कुछ बंद हो गया है। हिंडन नदी का पानी यहां आने से सिटी फॉरेस्ट में चलने वाली बोटिंग, जंगल सफारी और फूड कोर्ट और बच्चों के अन्य मनोरंजन के साधन सब कुछ बंद हो गए हैं। पार्क में काम कर रहे ठेकेदारों को नुकसान का सामना करना पड़ रहा है। यह नुकसान हर साल होता है।

जब हिंडन नदी बढ़ती है तो बाढ़ का पानी सिटी फॉरेस्ट में आ जाता है और सभी कामकाज ठप हो जाते हैं। सिटी फॉरेस्ट में काम करने वाले सभी ठेकेदार जल्दी ही गाजियाबाद विकास प्राधिकरण के वीसी से भी इस संबंध में बात करेंगे, जिससे उनको नुकसान से बचाया जा सके।

हिंडन नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद गाजियाबाद में कई ऐसे गांव हैं जिनमें पानी भरना शुरू हो गया है। गाजियाबाद के सुराणा गांव में भी पानी आने लगा है। नदी के किनारे कई कालोनियों में पानी घुस गया है और इस पानी की वजह से लोग अब पलायन करने की भी सोच रहे हैं। नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण हजारों बीघे फसल बर्बाद होने की भी आशंका है।

यमुना के बढ़ने से कई जिलों स्थिति खराब

आपको बता दें कि पहाड़ों में बारिश होने की वजह से यूपी में गंगा और यमुना ऊफान पर हैं। दोनों नदियों का जलस्तर बढ़ने से सूबे के कई जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। पश्चिमी यूपी में सहारनपुर और मथुरा में स्थिति काफी गंभीर है। सहारनपुर में यमुना के किनारे बसे गांवों के लोगों को राहत शिविर में भेजा गया है। बाढ़ की आशंका को देखते हुए सीएम योगी ने पहले ही अधिकारियों और कर्मचारियों से सतर्क रहने के निर्देश दे दिए थे। जिससे बड़े नुकसान से बचने में सफलता मिली है।

यूपी के ये जिले बाढ़ से प्रभावित

यूपी के 13 जिलों (आगरा, अलीगढ, बिजनौर, बदांयू, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, गाजियाबाद, मथुरा, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली) में लोग बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इन जिलों के 385 गांवों के 46,830 लोगों को बाढ़ से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले 24 घंटे के अंदर सूबे में 13 लोगों की मौत हुई है।

गाजियाबाद से संवाददाता नितिन कुमार की रिपोर्ट।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...