Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में मतदाता लिस्ट में गड़बड़ी के मामले में भारतीय चुनाव आयोग (ECI) ने सख्त कार्रवाई की है। बता दें आयोग ने मामले में लापरवाही और अनियमितता पाए जाने पर दो इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर (ERO) को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया है। साथ ही, दोनों अधिकारियों के खिलाफ FIR दर्ज कराने के आदेश भी दिए हैं। यह कार्रवाई ऐसे समय में हुई है, जब विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्ष लगातार सवाल उठा रहा है।
जानकारी के लिए बता दें चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा को पत्र लिखकर मयंक गोस्वामी और हेमंत चौधरी के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा है। जिसमें आयोग ने CEO की ओर से भेजी गई जांच रिपोर्ट का परीक्षण करने के बाद दोनों अधिकारियों को प्रथम दृष्टया दोषी माना है। साथ ही, आयोग ने निर्देश दिया है कि FIR दर्ज होने के बाद उसकी चार्जशीट भी आगे की जांच के लिए आयोग को उपलब्ध कराई जाए।
मामले में सामने आया कि ERO कार्यालय में तैनात कंप्यूटर असिस्टेंट ने 31 मई से 29 अगस्त के बीच मतदाता लिस्ट में सुधार के लिए 13,779 फॉर्म-8 आवेदन दर्ज किए थे। हैरानी की बात यह रही कि इन आवेदनों के समर्थन में कार्यालय में न तो भौतिक फॉर्म मौजूद थे और न ही जरूरी दस्तावेज उपलब्ध थे।
ऐसे में शिकायत मिलने के बाद चुनाव आयोग ने उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से रिपोर्ट मांगी थी। जांच रिपोर्ट में मतदाता सूची में अनियमितताओं की पुष्टि होने के बाद आयोग ने दोनों अधिकारियों के खिलाफ निलंबन और FIR की कार्रवाई के निर्देश दिए।

चुनाव आयोग ने पीलीभीत की मतदाता सूची की दोबारा जांच कर एक हफ्ते के भीतर रिपोर्ट भेजने को कहा है। इसके अलावा प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों (DEO) और निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारियों (ERO) को अपने-अपने क्षेत्रों की वोटर लिस्ट की गहन जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
साथ ही, आयोग ने साफ कहा है कि फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 के माध्यम से नए नाम जोड़ने, नाम हटाने और मतदाता विवरण में संशोधन से जुड़े सभी रिकॉर्ड का दोबारा सत्यापन किया जाए। वहीं, गलत तरीके से डेटा दर्ज किए जाने की आशंका के बाद उत्तर प्रदेश के ERO कार्यालयों में कंप्यूटर ऑपरेटरों के पासवर्ड भी निष्क्रिय कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग की इस कार्रवाई को मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित करने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: https://www.upkibaat.com/up-ias-transfer-15-officers-shashi-prakash-goyal-new-posting/