1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. फिरोजाबाद में बंदरों के हमले से दर्दनाक हादसा, छह माह की मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

फिरोजाबाद में बंदरों के हमले से दर्दनाक हादसा, छह माह की मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

फिरोजाबाद के गांव बासठ में बंदरों के हमले से बचने के प्रयास में छत से गिरकर छह माह की बच्ची काव्या की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और परिजनों ने हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
फिरोजाबाद में बंदरों के हमले से दर्दनाक हादसा, छह माह की मासूम की मौत के बाद ग्रामीणों में आक्रोश

उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के थाना दक्षिण क्षेत्र के गांव बासठ में बंदरों के हमले के चलते एक दर्दनाक हादसा हो गया। गुरुवार को घर की छत पर खेल रही छह माह की बच्ची पर बंदरों के झुंड ने हमला कर दिया। खुद को बचाने के प्रयास में बच्ची छत से नीचे गिर गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजन उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मासूम की पहचान काव्या के रूप में

मृतक बच्ची की पहचान काव्या, पुत्र प्रमोद कुमार, निवासी गांव बासठ के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक का माहौल छा गया।

परिजनों और ग्रामीणों का हंगामा

मासूम की मौत से आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर सीओ सिटी, थाना प्रभारी दक्षिण और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने करीब ढाई घंटे तक बातचीत कर परिजनों को समझाया, जिसके बाद मामला शांत हुआ।

 

गांव में बंदरों के आतंक पर उठे सवाल

ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। उनका आरोप है कि दो दिन पहले भी बंदरों के हमले में एक महिला की मौत हो चुकी है, लेकिन प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रशासन से स्थायी समाधान की मांग

ग्रामीणों ने मांग की है कि बंदरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रशासन तत्काल प्रभावी कार्रवाई करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। फिलहाल पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और क्षेत्र में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

रिपोर्ट – मुकेश कुमार

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...