1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. गोरखपुर के रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर, तीन घायल, जांच के आदेश

गोरखपुर के रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर, तीन घायल, जांच के आदेश

गोरखपुर के रामगढ़ताल में दो स्पीड बोट की टक्कर में 22 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। डीएम ने जांच के आदेश देते हुए तीन दिन में रिपोर्ट मांगी है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
गोरखपुर के रामगढ़ताल में स्पीड बोट की टक्कर, तीन घायल, जांच के आदेश

गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर स्थित रामगढ़ताल नौका विहार में रविवार रात बड़ा हादसा हो गया। नौका विहार के दौरान दो स्पीड बोट की आमने-सामने टक्कर में 22 वर्षीय युवक लखबुद्दीन ने अपनी जान गवां दी , जबकि एक बच्चे समेत तीन लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

जानकारी के अनुसार, एक स्पीड बोट में 9 और दूसरी में 6 लोग सवार थे। एक बोट प्लेटफॉर्म से झील की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी सवारी लेकर वापस लौट रही थी। इसी दौरान दोनों बोटों की जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बोट अनियंत्रित होकर पलट गई और कई यात्री पानी में गिर पड़े।

घटना की सूचना मिलते ही नौका विहार चौकी पुलिस और सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे तथा रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल लखबुद्दीन, कयामुद्दीन अंसारी, एक बच्चे और बोट चालक अभिषेक शाहनी को जिला अस्पताल भेजा गया। इलाज के दौरान कुशीनगर जिले के हाटा थाना क्षेत्र के पीपरा गांव निवासी 22 वर्षीय लखबुद्दीन को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। कयामुद्दीन अंसारी की हालत गंभीर बनी हुई है। दोनों मृतक और घायल मौसेरे भाई बताए जा रहे हैं।

हादसे की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी दीपक मीणा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएम ने बताया कि चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साथ ही पूरे मामले की जांच के लिए समिति गठित कर तीन दिन के भीतर रिपोर्ट मांगी गई है। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

वहीं घायल बोट चालक अभिषेक शाहनी का कहना है कि सामने से अचानक दूसरी बोट आ गई, जिससे बचने का मौका नहीं मिला और टक्कर के बाद बोट पलट गई।

रामगढ़ताल में हुए इस हादसे ने नौका विहार की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर है, जिससे हादसे के कारणों और जिम्मेदारों का खुलासा हो सकेगा।

रिपोर्ट : अंकित श्रीवास्तव

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...