1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जेवर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, इमरान हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

जेवर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, इमरान हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा के जेवर में झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास पुलिस मुठभेड़ में इमरान हत्याकांड के दो वांछित आरोपी शेरू उर्फ शेर मोहम्मद और मौसीम गिरफ्तार किए गए। जवाबी फायरिंग में दोनों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो अवैध पिस्टल और सात कारतूस बरामद किए हैं।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
जेवर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़, इमरान हत्याकांड के दो आरोपी गिरफ्तार

ग्रेटर नोएडा।  गौतमबुद्धनगर के जेवर इलाके में देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। झांझर रोड स्थित पावर हाउस के पास चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक सवार दो संदिग्धों को रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों ने भागने का प्रयास किया। पुलिस टीम ने पीछा किया तो आरोपियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

इमरान हत्याकांड में फरार चल रहे थे दोनों आरोपी

पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शेरू उर्फ शेर मोहम्मद निवासी जहांगीरपुर, थाना जेवर और मौसीम निवासी पहासू, जनपद बुलंदशहर के रूप में हुई है। दोनों जेवर थाना क्षेत्र में हुए इमरान हत्याकांड में वांछित थे। वारदात के बाद से ही पुलिस उनकी तलाश कर रही थी।

7 अक्टूबर की रात हुई थी इमरान की हत्या

पुलिस के अनुसार, 7 अक्टूबर 2026 की रात करीब 36 वर्षीय इमरान की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में मृतक के भाई की शिकायत पर 8 अक्टूबर को जेवर थाने में मुकदमा संख्या 332/2026 दर्ज किया गया था। आरोप है कि शेरू और मौसीम ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद से दोनों आरोपी फरार चल रहे थे।

 

 

दो अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से .32 बोर की दो अवैध पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस और दो खोखा कारतूस बरामद किए हैं। गोली लगने से घायल दोनों आरोपियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

दोनों आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं आपराधिक मुकदमे

पुलिस के मुताबिक, शेरू उर्फ शेर मोहम्मद के खिलाफ हत्या के मामले के अलावा जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट से संबंधित मुकदमे भी दर्ज हैं। वहीं, दूसरे आरोपी मौसीम के खिलाफ भी हत्या, जानलेवा हमले और आर्म्स एक्ट के तहत मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस

दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उनसे पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान हत्याकांड में शामिल अन्य लोगों और वारदात के पीछे की वजह का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...