उत्तर प्रदेश के रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट मौलाना मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। रामपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) ने यूनिवर्सिटी परिसर के 40 भवनों में से 38 भवनों के ध्वस्तीकरण का आदेश जारी करते हुए अंतिम नोटिस जारी किया है।
प्रशासन द्वारा जारी नोटिस में यूनिवर्सिटी प्रबंधन को 15 दिनों के भीतर संबंधित निर्माण स्वयं हटाने का निर्देश दिया गया है। नोटिस में कहा गया है कि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर प्रशासन अपने स्तर पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई करेगा।

प्रशासन के अनुसार यूनिवर्सिटी परिसर में कुल 40 भवन हैं, जिनमें से केवल दो भवनों के मानचित्र पूर्व में जिला पंचायत से स्वीकृत बताए गए हैं। शेष 38 भवनों के संबंध में आवश्यक मानचित्र स्वीकृति नहीं होने का दावा किया गया है। इसी आधार पर इन भवनों को लेकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई है।
ध्वस्तीकरण का अंतिम नोटिस जारी होने के बाद अब सभी की नजर इस बात पर है कि यूनिवर्सिटी प्रबंधन इस आदेश के संबंध में क्या कदम उठाता है। यदि निर्धारित अवधि में कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो प्रशासन नियमानुसार आगे की कार्रवाई कर सकता है।