झांसी, 8 अगस्त 2026। जिले में 14 वर्ष की आयु पूरी करने वाली किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए चलाए जा रहे HPV टीकाकरण अभियान का दायरा बढ़ाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने शिक्षा विभाग के साथ मिलकर योजना तैयार की है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी के अनुसार, सरकारी और निजी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों को HPV वैक्सीन के महत्व और सर्वाइकल कैंसर से बचाव के बारे में जानकारी दी जाएगी। इसके बाद शिक्षक किशोरियों और उनके अभिभावकों को टीकाकरण के लिए प्रेरित करेंगे।
अभियान में स्वास्थ्य विभाग का सहयोग करने के लिए जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी की ओर से सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग का मानना है कि स्कूलों के माध्यम से किशोरियों और उनके परिवारों तक जानकारी पहुंचने से टीकाकरण का कवरेज बढ़ाया जा सकेगा।
अभियान की निगरानी के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. शिशिर पुरी ने जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. रविशंकर के साथ नगरा, सीपरी बाजार और सिद्धेश्वर नगर स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान इन केंद्रों पर HPV टीकाकरण की गतिविधियां संचालित मिलीं। सीएमओ ने स्वास्थ्यकर्मियों को टीकाकरण अभियान में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रत्येक ANM को एक सत्र में कम से कम 25 HPV टीके लगाने का लक्ष्य पूरा करने को कहा। इसके लिए आशा कार्यकर्ताओं को 14 वर्ष की आयु पूरी करने वाली किशोरियों की ड्यू लिस्ट तैयार करने और उन्हें टीकाकरण सत्र तक लाने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, शनिवार को जिले में कुल 203 सत्र स्थलों पर शाम 4 बजे तक 1075 किशोरियों को HPV वैक्सीन लगाई गई। भारत विकास परिषद के सहयोग से सदर बाजार स्थित सरस्वती बालिका इंटर कॉलेज में भी टीकाकरण सत्र आयोजित किया गया, जहां अभिभावकों को अभियान की जानकारी देकर किशोरियों का टीकाकरण कराया गया।
स्वास्थ्य विभाग का लक्ष्य स्कूलों, स्वास्थ्यकर्मियों और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय के जरिए HPV टीकाकरण को अधिक से अधिक पात्र किशोरियों तक पहुंचाना है। अधिकारियों का कहना है कि जागरूकता बढ़ने से अभियान को और गति मिलने की उम्मीद है। निरीक्षण के दौरान डॉ. आराधना अवस्थी, डॉ. विवेक तिवारी, डॉ. निधि, डॉ. अमित बरसैंया, एआरओ रानी समेत स्वास्थ्य विभाग का अन्य स्टाफ मौजूद रहा।