लखनऊ। उत्तर प्रदेश में औद्योगिक गतिविधियों और निवेश को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल नंदी ने लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में Invest UP के वार्षिक निवेश लक्ष्यों को लेकर समीक्षा बैठक की। बैठक में प्रदेश में निवेश की स्थिति, विभिन्न परियोजनाओं की प्रगति और रोजगार के नए अवसरों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने उत्तर प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्र में हो रहे बदलावों और निवेशकों की बढ़ती रुचि से जुड़े विषयों की जानकारी दी। साथ ही निवेश प्रस्तावों को जमीन पर उतारने, परियोजनाओं की प्रगति और निर्धारित लक्ष्यों को समय पर हासिल करने को लेकर भी मंथन किया गया।
मंत्री नंद गोपाल नंदी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश में निवेश को केवल पूंजी लगाने तक सीमित नहीं रखना है, बल्कि इसके जरिए रोजगार, उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि निवेशकों को परियोजना शुरू करने से लेकर उसके क्रियान्वयन तक आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
सरकार के मुताबिक, Invest UP के माध्यम से निवेशकों को एकीकृत सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसमें निवेश को प्रोत्साहित करने के साथ परियोजनाओं को आगे बढ़ाने में विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर भी ध्यान दिया जा रहा है।
बैठक में प्रदेश को देश की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल करने के लक्ष्य पर भी जोर दिया गया। सरकार का फोकस औद्योगिक विकास के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने और प्रदेश में मजबूत कारोबारी माहौल तैयार करने पर है। बैठक में राज्य मंत्री जसवंत सिंह सैनी, आईआईडीसी दीपक कुमार, अपर मुख्य सचिव आलोक कुमार, सचिव विजय किरण आनंद, Invest UP की सीईओ प्रेरणा शर्मा, एसीईओ शशांक चौधरी समेत विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।