UP News : लखनऊ में 24 अप्रैल को केंद्रीय किसान कल्याण मंत्रालय के तत्वावधान में उत्तर जोन क्षेत्रीय कृषि सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसकी जानकारी कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने दी। उन्होंने बताया कि इस सम्मेलन में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, चंडीगढ़, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब और दिल्ली सहित 9 राज्यों के कृषि मंत्री, उद्यान मंत्री, वरिष्ठ अधिकारी, एफपीओ, प्रगतिशील किसान और कृषि वैज्ञानिक भाग लेंगे।
उद्घाटन सत्र में योगी आदित्यनाथ, शिवराज सिंह चौहान, राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी और रामनाथ ठाकुर शामिल होंगे। सम्मेलन में कृषि ऋण, किसान क्रेडिट कार्ड, एग्रीकल्चर इंफ्रास्ट्रक्चर फंड, स्टार्टअप, नाबार्ड, बैंकों और प्रसंस्करण इकाइयों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।
इसके अलावा दलहन आत्मनिर्भरता मिशन, राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन, सिंचाई, बीज और खरीद एजेंसियों की भूमिका की समीक्षा भी की जाएगी। विभिन्न राज्य अपने-अपने सफल कृषि मॉडल जैसे गन्ने के साथ इंटरक्रॉपिंग, धान की सीधी बोआई (DSR), फसल विविधीकरण और बागवानी पद्धतियों का प्रस्तुतिकरण देंगे, जिससे राज्यों के बीच अनुभव साझा किया जा सके।
सम्मेलन में नकली कीटनाशकों और उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने, संतुलित उर्वरक उपयोग और वैकल्पिक फर्टिलाइजर को बढ़ावा देने पर भी चर्चा होगी। किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और नई नीतियों के निर्माण पर विशेष फोकस रहेगा।
कृषि मंत्री ने बताया कि प्रदेश में उर्वरक की कोई कमी नहीं है और लगभग 40 हजार कुंतल ढेंचे का बीज उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे यूरिया की खपत 20% तक कम की जा सकेगी।