अयोध्या में स्वास्थ्य सेवाओं को अत्याधुनिक बनाने की दिशा में निर्माणाधीन 300 शैय्यायुक्त चिकित्सालय परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। इसी क्रम में जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने निर्माणाधीन अस्पताल भवन का स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं समयसीमा का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माण एजेंसी के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि अस्पताल निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना अयोध्या सहित आसपास के जिलों के लाखों लोगों के लिए जीवनदायिनी साबित होगी, इसलिए कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समय सीमा में पूरा किया जाए।

डीएम ने अस्पताल परिसर में बनने वाले वार्ड, ओपीडी, इमरजेंसी यूनिट, चिकित्सकीय सुविधाओं तथा मरीजों की सुविधा से जुड़े अन्य व्यवस्थाओं की भी जानकारी ली। उन्होंने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बताया जा रहा है कि 300 बेड वाला यह आधुनिक चिकित्सालय तैयार होने के बाद जनपद की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा और गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की आवश्यकता काफी हद तक कम होगी।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे।