1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मेरठ जेल में मनेगा मुस्कान की बेटी का जन्मदिन, मिलेंगे खिलौने

मेरठ जेल में मनेगा मुस्कान की बेटी का जन्मदिन, मिलेंगे खिलौने

मेरठ जेल में नीले ड्रम हत्याकांड की दोषी मुस्कान की छोटी बेटी का जन्मदिन मनाया जाएगा। जेल प्रशासन बच्ची को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने देगा।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
मेरठ जेल में मनेगा मुस्कान की बेटी का जन्मदिन, मिलेंगे खिलौने

Uttar Pradesh News: मेरठ के चर्चित नीले ड्रम हत्याकांड (Blue Drum Murder Case) में सजा काट रही मुस्कान की छोटी बेटी का जन्मदिन मेरठ जिला जेल में मनाया जाएगा। बता दें इस खास मौके पर जेल प्रशासन की ओर से बच्ची को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने उपहार में दिए जाएंगे। जेल प्रशासन का कहना है कि जेल में रह रहे छोटे बच्चों का बचपन खुशहाल बनाए रखने के लिए उनके जन्मदिन मनाने की परंपरा है। इसी के तहत मुस्कान की बेटी का जन्मदिन भी मनाया जाएगा। वहीं, मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी पीहू से मिलने की इच्छा भी जताई है।

जेल में पांच बच्चे रह रहे हैं मां के साथ

मेरठ जिला जेल के वरिष्ठ अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के मुताबिक, फिलहाल जेल में छह साल से कम उम्र के पांच बच्चे अपनी मां के साथ रह रहे हैं। इन बच्चों का अपने माता-पिता के अपराध से कोई लेना-देना नहीं है। इसके बावजूद उन्हें अपनी मां के साथ जेल में रहना पड़ रहा है। जेल प्रशासन का प्रयास है कि इन बच्चों को सामान्य बचपन से वंचित महसूस न हो। इसी उद्देश्य से जेल में रहने वाले छह साल तक के बच्चों का जन्मदिन विशेष तरीके से मनाया जाता है। इस दौरान जेल कर्मचारी और महिला बंदी मिलकर जन्मदिन की खुशियों में शामिल होते हैं।

कपड़े, मिठाई और खिलौने देकर मनाएंगे जन्मदिन

जेल प्रशासन की ओर से जन्मदिन पर बच्ची को नए कपड़े, मिठाई और खिलौने दिए जाएंगे। अधिकारियों का कहना है कि बच्चों को प्यार और सम्मान के साथ रखने की कोशिश की जाती है, ताकि उन्हें यह महसूस न हो कि जेल में रहने के कारण उनकी खुशियों की अनदेखी हो रही है। ऐसे में जेल प्रशासन चाहता है कि जब ये बच्चे भविष्य में जेल से बाहर निकलकर सामान्य समाज में जाएं तो उनके मन में बचपन की खुशियों को लेकर कोई नकारात्मक अनुभव न रहे।

बड़ी बेटी पीहू से मिलना चाहती है मुस्कान

इस बीच मुस्कान ने अपनी बड़ी बेटी पीहू से मिलने की इच्छा जताई है। हाल ही में उसके वकील जेल में उससे मिलने पहुंचे थे। इसी दौरान मुस्कान ने वकील के माध्यम से अपने परिवार तक बेटी से मुलाकात करने का संदेश पहुंचाया।

वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा के अनुसार, यदि मुस्कान इस संबंध में लिखित पत्र देती है तो जेल प्रशासन उसे नियमानुसार परिवार तक पहुंचाने की कार्रवाई करेगा। फिलहाल परिवार की ओर से जवाब और आगे की प्रक्रिया का इंतजार है।

ये भी पढ़ें: यूपी में गठबंधन की तैयारी हुई शुरू, कांग्रेस ने सौंपी सीटों की सूची

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...