मुजफ्फरनगर: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में शनिवार देर शाम मुजफ्फरनगर कैमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन की वार्षिक एवं शैक्षिक कार्यशाला का आयोजन किया गया। नई मंडी थाना क्षेत्र के जानसठ रोड स्थित आशीर्वाद बैंक्विट हॉल में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में दवा व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वास्थ्य विशेषज्ञों और औषधि विभाग के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम में दवा व्यापारियों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। मौजूद जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में दवा व्यापारियों को सहयोग का भरोसा दिलाया। वहीं संगठन की ओर से व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को भी अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों के सामने रखा गया।
सुभाष चौहान को पांच साल के लिए जिम्मेदारी
कार्यक्रम के दौरान संगठन के चेयरमैन प्रमोद मित्तल ने पिछले 10 वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। कोर कमेटी में बनी सहमति के बाद सुभाष चौहान को आगामी पांच वर्षों के लिए निर्विरोध अध्यक्ष बनाए रखने की घोषणा की गई। घोषणा के बाद दवा व्यापारियों ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका स्वागत किया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर डॉ. संजीव बालियान, कपिलदेव अग्रवाल, सुरेश राणा और जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. वीरपाल निर्वाल सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।इसके अलावा प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन डॉ. प्रखर गोयल और न्यूरोफिजिशियन विजय सैनी का भी सम्मान किया गया। उन्हें पटका, फूलमाला और बुके देकर सम्मानित किया गया।
दवा व्यापारियों ने रखीं कई मांगें
कार्यशाला में दवा व्यापारियों ने लाइसेंसधारी दुकानदारों की जांच, कंपनियों की नीतियों, ड्रग लाइसेंस, ऑनलाइन दवा कारोबार और फार्मासिस्ट से जुड़े नियमों समेत कई मुद्दे उठाए।व्यापारियों ने मांग रखी कि लाइसेंसधारी दवा व्यापारियों को अनावश्यक जांच के नाम पर परेशान न किया जाए। इसके साथ ही कंपनियों से ब्रेकज और एक्सपायरी की समयसीमा बढ़ाने तथा व्यापारियों के कथित उत्पीड़न को रोकने की मांग की गई।व्यापारियों ने बिना लाइसेंस संचालित दवा दुकानों के खिलाफ अभियान चलाने, ऑनलाइन दवा कारोबार पर रोक लगाने और ड्रग लाइसेंस से संबंधित ऑनलाइन प्रक्रियाओं में समयसीमा निर्धारित करने की मांग भी रखी।इसके अलावा दूसरे राज्यों की ड्रग विभाग की टीमों द्वारा स्थानीय प्रशासन और स्थानीय ड्रग अधिकारी की मौजूदगी के बिना निरीक्षण नहीं किए जाने तथा ड्रग लाइसेंस के नवीनीकरण की पुरानी ऑटो-रिटेंशन प्रक्रिया को बनाए रखने की मांग की गई।
अधिकारियों ने समाधान का दिया भरोसा
कार्यक्रम में सहायक आयुक्त औषधि सहारनपुर मंडल नरेश मोहन दीपक और जिला औषधि निरीक्षक मुजफ्फरनगर विमल देशबंधु ने भी संबोधित किया। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने व्यापारियों की मांगों पर नियमानुसार समाधान का आश्वासन दिया।कार्यक्रम में संगठन की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों और विभिन्न स्थानों से पहुंचे दवा व्यापारियों का स्वागत किया गया। आयोजकों ने कहा कि संगठन दवा व्यापारियों से जुड़े मुद्दों को संबंधित विभागों के सामने उठाता रहेगा।