वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी ने नियमित जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस टीम ने प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 पर दो संदिग्ध युवकों को रोककर तलाशी ली, जिसमें भारी मात्रा में सोने और डायमंड के आभूषण बरामद हुए।
जीआरपी के अनुसार, बरामद आभूषणों में डायमंड की घड़ी, सोने की चेन और कई सोने की अंगूठियां शामिल हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 95 लाख रुपये बताई जा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हिरासत में लिए गए दोनों युवक गुजरात के निवासी हैं। जीआरपी ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आयकर विभाग को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलने के बाद आयकर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल जीआरपी और आयकर विभाग संयुक्त रूप से यह पता लगाने में जुटे हैं कि बरामद आभूषण कहां से लाए गए थे और इन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था।
अधिकारियों के अनुसार, जांच पूरी होने के बाद ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ जारी है और आभूषणों से जुड़े दस्तावेजों की जांच की जा रही है।