लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ स्थित लोक भवन सभागार में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन और दिव्य माहात्म्य पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम् (भाग-1, हृदयम)’ की स्पेशल स्क्रीनिंग देखी। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म के कलाकारों, निर्माता, निर्देशक और पूरी टीम को सम्मानित करते हुए उत्तर प्रदेश में फिल्म को टैक्स फ्री करने की घोषणा की।

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बेटियां परिवार की खुशहाली का आधार होती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसी फिल्में समाज को भारतीय संस्कृति और परम्पराओं से जोड़ने का कार्य करती हैं और नई पीढ़ी को भी अपनी विरासत से परिचित कराना जरूरी है। उन्होंने फिल्म की पूरी टीम के परिश्रम की सराहना की।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि ‘कृष्णावतारम्’ भारत की सनातन संस्कृति, इतिहास और परम्पराओं को आधुनिक डिजिटल स्वरूप में प्रस्तुत करने वाली एक प्रेरणादायक फिल्म है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़ा हर प्रसंग समाज को नई दिशा देता है और यह फिल्म भारतीय संस्कृति के गूढ़ रहस्यों को प्रभावशाली संवादों के माध्यम से प्रस्तुत करती है।
मुख्यमंत्री ने सूचना विभाग को निर्देश दिए कि प्रदेश के प्रत्येक जनपद में फिल्म की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की जाए, ताकि बच्चे और युवा अपनी परम्परा तथा सनातन संस्कृति के बारे में जान सकें। उन्होंने कहा कि आधुनिकता जरूरी है, लेकिन अपनी संस्कृति और मूल्यों को साथ लेकर आगे बढ़ना ही भारत की पहचान है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हाल ही में हुए मंत्रिमंडल विस्तार का भी उल्लेख किया और नए मंत्रियों को प्रदेश विकास के लिए समर्पित भाव से कार्य करने की शुभकामनाएं दीं। अभिनेत्री Sanskriti Patel के अभिनय की भी विशेष सराहना की गई।