1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. खरगे की इमरान मसूद को नसीहत, कहा- बयानबाजी छोड़कर काम करें

खरगे की इमरान मसूद को नसीहत, कहा- बयानबाजी छोड़कर काम करें

यूपी चुनाव से पहले सपा-कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बयानबाजी तेज है। खरगे ने इमरान मसूद को नसीहत देते हुए गठबंधन की मजबूती पर जोर दिया।

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
खरगे की इमरान मसूद को नसीहत, कहा- बयानबाजी छोड़कर काम करें

Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Election 2027) से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर सियासी हलचल शुरू हो गई है। बता दें दोनों दलों के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर बयानबाजी जारी है। इस बीच कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने अपनी पार्टी के नेताओं को गठबंधन के खिलाफ बोलने से बचने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के लिए आपसी मतभेद भुलाकर मिलकर काम करना जरूरी है।

जानकारी के लिए बता दें खरगे ने कांग्रेस सांसद और यूपी कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद का जिक्र करते हुए उनके जोश की तारीफ की है। जिसमें उन्होंने कहा कि इमरान मसूद को वह रोज टीवी पर सुनते हैं। वह पूरे जोश के साथ अपनी बात रखते हैं, लेकिन नेताओं को केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्हें जनता के बीच जाकर काम करना होगा। जितना ज्यादा मिलकर काम करेंगे, उतना ही गठबंधन मजबूत होगा।

सीट बंटवारे पर इमरान मसूद के तेवर से बढ़ी चर्चा

दरअसल, इमरान मसूद समाजवादी पार्टी की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों के प्रस्ताव को लेकर लगातार सवाल उठा रहे हैं। उन्होंने साफ कहा था कि कांग्रेस किसी से भीख नहीं मांग रही है। उनके इन बयानों के बाद दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर खींचतान की चर्चा तेज हो गई थी। खरगे ने इसी विवाद के बीच नेताओं को गठबंधन धर्म निभाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य गठबंधन की सरकार बनाना और मोदी-योगी को हराना है। आपसी लड़ाई से चुनाव जीतना मुश्किल हो जाएगा।

राहुल-अखिलेश गठबंधन को लेकर कही बड़ी बात

खरगे ने लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस नेता अजय राय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चुनौती दी थी। उन्होंने दावा किया कि अगर थोड़ी सी चूक नहीं होती तो नतीजे अलग हो सकते थे। उन्होंने भाजपा के 400 पार के नारे पर भी सवाल उठाया।

खरगे ने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव का गठबंधन मोदी और योगी को सत्ता से हटाने के लिए बना है। उन्होंने गृह मंत्री अमित शाह पर संसद में डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान करने का आरोप भी लगाया।

संविधान बचाओ मार्च में शामिल हुए खरगे

वहीं, गुरुवार को खरगे लखनऊ में कांग्रेस के संविधान बचाओ मार्च में शामिल होने पहुंचे थे। हालांकि, प्रशासन ने मार्च की अनुमति नहीं दी थी। उनके जाने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी कार्यालय से मार्च शुरू किया, लेकिन पुलिस ने तीन स्तरीय बैरिकेडिंग लगाकर उन्हें रोक दिया।

इस दौरान प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा और इमरान मसूद समेत कई नेताओं और कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर इको गार्डन पहुंचाया गया। वहां कांग्रेस नेताओं ने धरना देकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

ये भी पढ़ें: योगी का बड़ा ऐलान, अगले सप्ताह 50 हजार युवाओं को मिलेगी नौकरी

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...