गोरखपुर के तिवारीपुर थाना क्षेत्र स्थित इलाहीबाग के माई डीगदही इलाके में बुधवार तड़के एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (ATS) और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने एक मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
छापेमारी के दौरान मकान के आसपास आने-जाने वाले लोगों की निगरानी की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे इलाके को घेरकर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ भी मौके पर जुट गई।

सूत्रों के अनुसार, जिस मकान पर कार्रवाई की जा रही है, उसका संबंध एक स्थानीय व्यक्ति से बताया जा रहा है। हालांकि, इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ATS और स्थानीय पुलिस की टीम मकान के भीतर गहन जांच में जुटी रही, लेकिन कार्रवाई के उद्देश्य या मामले के संबंध में अधिकारियों ने फिलहाल कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है।
फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आवश्यक जानकारी साझा की जाएगी। तब तक इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर रखे हुए है।
सूत्रों के अनुसार विशाखापट्टनम में साइबर फ्रॉड के एक मामले में एटीएस की टीम जांच कर रही है। हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एटीएस की टीम हर पहलुओं को ध्यान में रखते हुए परिवार के सदस्यों का मोबाइल फोन, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण समेत और दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।