संतकबीरनगर (UP)। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे और चंदा में कथित अनियमितताओं के मामले को लेकर संतकबीरनगर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण चंद्रा पाण्डेय ने आरोप लगाया कि अयोध्या में श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए दान और चंदे का दुरुपयोग किया जा रहा है, जो आस्था पर आघात है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि बिना एफआईआर दर्ज किए किस आधार पर एसआईटी जांच की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला केवल रामलला मंदिर तक सीमित नहीं है, बल्कि अन्य धार्मिक स्थलों से जुड़े चंदे को लेकर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मांग की कि मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज कर दोषियों को जेल भेजा जाए। साथ ही उन्होंने सरकार से इस पूरे प्रकरण की पारदर्शी जांच कराने की अपील की।