1. हिन्दी समाचार
  2. Mainpuri
  3. मैनपुरी में करोड़ों की जमीन पर फर्जी वसीयत का आरोप, पीड़ित ने डीएम से की जांच की मांग

मैनपुरी में करोड़ों की जमीन पर फर्जी वसीयत का आरोप, पीड़ित ने डीएम से की जांच की मांग

मैनपुरी में करोड़ों की पुश्तैनी जमीन को फर्जी वसीयत के जरिए हड़पने का आरोप सामने आया है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से शिकायत कर मामले की जांच, एफआईआर दर्ज करने और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
मैनपुरी में करोड़ों की जमीन पर फर्जी वसीयत का आरोप, पीड़ित ने डीएम से की जांच की मांग

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले में पुश्तैनी जमीन से जुड़ा एक गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि करोड़ों रुपये मूल्य की कृषि भूमि को फर्जी वसीयत के आधार पर अपने नाम दर्ज करा लिया गया। पीड़ित पक्ष ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।

करहल क्षेत्र का बताया जा रहा है मामला

यह मामला करहल थाना क्षेत्र के ग्राम डबरा, मौजा रतिभानपुर का बताया जा रहा है। शिकायतकर्ता मनमोहन सिंह के अनुसार, उनकी दिवंगत दादी देव कुंवरी के नाम कई गाटों में कृषि भूमि दर्ज थी। वर्ष 2014 में उनकी मृत्यु के बाद यह जमीन उत्तराधिकार के आधार पर परिवार के नाम दर्ज हो गई थी।

2021 में नामांतरण से उठा विवाद

पीड़ित का आरोप है कि वर्ष 2021 में अचानक राजस्व अभिलेखों में आगरा जिले के बाह तहसील निवासी अतुल, राहुल और रोहित के नाम जमीन दर्ज हो गए। आरोप है कि इन लोगों ने फर्जी वसीयत तैयार कराकर राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर करते हुए जमीन अपने नाम दर्ज करवा ली।

फर्जी वसीयत और दस्तावेजों में गड़बड़ी का आरोप

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि 24 दिसंबर 2013 को बाह तहसील में एक अन्य महिला को मृतक दादी बताकर उसकी फोटो का उपयोग करते हुए फर्जी वसीयत तैयार की गई। साथ ही अंगूठे के निशान को भी कथित रूप से फर्जी तरीके से लगाया गया।

 

ad

परिवार के साथ रहने का दावा

पीड़ित पक्ष का कहना है कि जिस समय वसीयत बनाई गई बताई जा रही है, उस दौरान उनकी दादी आगरा गई ही नहीं थीं और वह लगातार मैनपुरी में परिवार के साथ रह रही थीं। ऐसे में पूरी वसीयत पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जांच और एफआईआर की मांग

शिकायतकर्ता ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की गहन जांच कराने की मांग की है। साथ ही फर्जी वसीयत तैयार करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की अपील की गई है।

 

रिपोर्ट – कमलेश कुमार

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...