गोरखपुर की शहरी तस्वीर को नया रूप देने के लिए योगी सरकार के विजन के तहत गोरखपुर विकास प्राधिकरण (GDA) एक अत्याधुनिक ‘मॉडर्न रोड’ विकसित करने जा रहा है। यह सड़क सिर्फ आवागमन का साधन नहीं होगी, बल्कि स्मार्ट इंफ्रास्ट्रक्चर का एक नया मॉडल पेश करेगी, जिसे पूर्वांचल में पहली बार इस स्तर पर विकसित किया जा रहा है।
परियोजना के तहत चंपा देवी पार्क मैदान के पास गोरक्ष एंक्लेव से लेकर तारामंडल तक लगभग 1.8 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जाएगा। करीब 18 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना के लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है।
इस मॉडर्न रोड की सबसे खास बात इसकी डिजाइन है, जिसमें जरूरत के अनुसार सड़क की चौड़ाई 12 मीटर से 24 मीटर तक रखी जाएगी। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या को खत्म करने के लिए दोनों ओर एक-एक मीटर चौड़े कवर नाले बनाए जाएंगे, जिससे पानी की निकासी सुचारू रहेगी।
पैदल यात्रियों के लिए सुंदर और सुरक्षित फुटपाथ बनाए जाएंगे। सड़क के दोनों किनारों पर हरियाली विकसित की जाएगी, साथ ही ऑर्नामेंटल लाइटिंग और कलात्मक स्कल्पचर लगाए जाएंगे, जो गोरखपुर की सांस्कृतिक पहचान को भी दर्शाएंगे। इससे यह सड़क शहर के सौंदर्य का नया केंद्र बनेगी।

GDA उपाध्यक्ष अभिनव गोपाल ने बताया कि यह परियोजना सिर्फ सड़क निर्माण नहीं बल्कि आधुनिक अर्बन प्लानिंग का एक आदर्श उदाहरण होगी। इसमें मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर, बेहतर ड्रेनेज सिस्टम और सौंदर्यीकरण का अनोखा संयोजन देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘भव्य गोरखपुर-दिव्य गोरखपुर’ विजन के तहत यह परियोजना विकसित की जा रही है। अधिकारियों का मानना है कि यह मॉडल सड़क भविष्य में पूर्वांचल के अन्य शहरों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।