लखनऊ, 15 अक्टूबर 2026। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की उपस्थिति में जन भवन, लखनऊ में शारदीय नवरात्रि के छठे दिन गरबा महोत्सव का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर राज्यपाल ने मां दुर्गा की विधिवत पूजा-अर्चना की और आरती उतारकर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण के लिए प्रार्थना की। धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक उल्लास से परिपूर्ण इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
नवरात्रि के पावन अवसर पर आयोजित गरबा महोत्सव में श्रद्धालुओं ने पारंपरिक गरबा नृत्य के जरिए अपनी भक्ति और उत्साह का प्रदर्शन किया। पारंपरिक संगीत, आकर्षक परिधानों और भक्तिमय वातावरण ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया। प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से गरबा नृत्य में हिस्सा लेकर भारतीय लोक संस्कृति और धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी आस्था व्यक्त की। राज्यपाल की उपस्थिति ने कार्यक्रम के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व को और विशेष बनाया। आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण भी किया गया।
गरबा महोत्सव में केंद्रीय मंत्री श्रीमती अनुप्रिया पटेल, उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री श्री सुरेश खन्ना, उच्च शिक्षा मंत्री श्री योगेंद्र उपाध्याय और औद्योगिक विकास मंत्री श्री नंद गोपाल गुप्ता ने सहभागिता की।इसके अतिरिक्त उद्यान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री दिनेश प्रताप सिंह, राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव स्तर के अधिकारी डॉ. सुधीर महादेव बोबडे, श्रीमती रीता मित्र, एसजीपीजीआई लखनऊ के निदेशक डॉ. आर.के. धीमन तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय (एकेटीयू) के कुलपति प्रो. जे.पी. पांडे सहित अन्य विशिष्ट अतिथि भी कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर उत्सव की गरिमा बढ़ाई।

जन भवन में आयोजित नौ दिवसीय गरबा महोत्सव को लेकर लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। 15 अक्टूबर 2026 को हुए कार्यक्रम में कुल 1,113 श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। वहीं, महोत्सव के आरंभ से लेकर इस दिन तक इसमें शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या 4,685 तक पहुंच गई। श्रद्धालुओं की बढ़ती भागीदारी इस बात का संकेत है कि धार्मिक आयोजनों के साथ-साथ पारंपरिक लोकनृत्य और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों को एक साझा मंच पर जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
जन भवन में 11 अक्टूबर से 19 अक्टूबर 2026 तक आयोजित इस गरबा महोत्सव के अंतर्गत प्रतिदिन मां दुर्गा की आराधना, पारंपरिक गरबा नृत्य और सामूहिक सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से शारदीय नवरात्रि की परंपराओं को प्रोत्साहित करने के साथ भारतीय लोक संस्कृति की विविधता को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से आयोजित यह महोत्सव धार्मिक आस्था, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता को बढ़ावा देने का अवसर बन रहा है। आयोजन के माध्यम से लोगों को भारतीय परंपराओं से जुड़ने, सामूहिक उत्सव में भाग लेने और सांस्कृतिक एकता की भावना को मजबूत करने का संदेश मिल रहा है।