Firozabad MLC Election: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए फिरोजाबाद जिले में शुक्रवार सुबह 8 बजे से मतदान शुरू हो गया। जिले में कुल 33 मतदान केंद्रों पर मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं। मतदान को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी केंद्रों पर पुलिस फोर्स तैनात की गई है। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों और निर्दलीय प्रत्याशियों की ओर से मतदान केंद्रों के बाहर बस्ते लगाए गए हैं।
फिरोजाबाद जिले में शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन के लिए कुल 18,474 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 15,399 स्नातक मतदाता और 3,075 शिक्षक मतदाता शामिल हैं। प्रशासन ने शिक्षक निर्वाचन के लिए 11 और स्नातक निर्वाचन के लिए 22 बूथ बनाए हैं। मतदान सुबह 8 बजे से शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगा।
बता दें कि मतदान प्रक्रिया पर नजर रखने के लिए प्रशासन की ओर से स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है, ताकि मतदान के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।
मतदान से पहले गुरुवार को फिरोजाबाद कलक्ट्रेट परिसर से पोलिंग पार्टियों को आवश्यक मतदान सामग्री के साथ रवाना किया गया था। जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा और एडीएम वित्त एवं राजस्व कल्पना जायसवाल ने मतदान कार्मिकों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए थे। इसके बाद पोलिंग पार्टियां अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंच गई थीं।

एमएलसी चुनाव में मतदाताओं को अपनी पसंद के प्रत्याशियों के सामने वरीयता क्रम दर्ज करना होता है। इसके लिए रोमन अंकों में 1, 2 और 3 अंकित किए जाते हैं। मतदान समाप्त होने के बाद मतपेटियों और मतदान सामग्री को कड़ी सुरक्षा के बीच आगरा भेजा जाएगा।
इस संदर्भ में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि एमएलसी चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मतदान केंद्रों पर जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। वहीं, चुनाव को लेकर भाजपा महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सतेंद्र जैन सोली की बाइट भी ली गई है। मतदान के दौरान प्रशासन की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।