1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. दुद्धी में आस्था का उत्सव, 5100 दीपों से रोशन हुआ शिवाजी तालाब

दुद्धी में आस्था का उत्सव, 5100 दीपों से रोशन हुआ शिवाजी तालाब

सोनभद्र के दुद्धी में देव दीपावली पर शिवाजी तालाब 5100 दीपों से जगमगा उठा। काशी के पंडितों ने भव्य गंगा आरती की और डांडिया महोत्सव में नगरवासी झूमे। यहां पढ़ें पूरी खबर

By: Aparna Panwar  RNI News Network
Updated:
दुद्धी में आस्था का उत्सव, 5100 दीपों से रोशन हुआ शिवाजी तालाब

Uttar Pradesh News: दुद्धी कस्बे में देव दीपावली (Dev Deepawali) का पर्व मंगलवार को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। प्राचीन शिवाजी तालाब परिसर में आयोजित भव्य दीपोत्सव में हजारों दीप प्रज्ज्वलित किए गए। तालाब की लहरों पर दीपों की झिलमिलाती रोशनी का प्रतिबिंब बेहद मनमोहक नजर आया। वहीं, दीपों से सजे तालाब परिसर ने ऐसा दिव्य दृश्य प्रस्तुत किया कि पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।

एसडीएम और नगर पंचायत अध्यक्ष ने किया दीपोत्सव का शुभारंभ

जानकारी के लिए बता दें कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि उपजिलाधिकारी अशोक कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच काशी से आए पंडितों ने विधि-विधान से गंगा आरती संपन्न कराई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव से जयकारे लगाए। घंटियों और मंत्रोच्चारण से पूरा परिसर गूंज उठा। इस साल तहसील प्रशासन की ओर से 5100 दीपों की व्यवस्था की गई थी। इसकी जिम्मेदारी लेखपाल अरुण कन्नौजिया को सौंपी गई थी। नगरवासियों के सहयोग से हजारों दीप एक साथ जलाए गए, जिससे शिवाजी तालाब की सुंदरता देखते ही बनी।

रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा

देव दीपावली महोत्सव में कई विद्यालयों के विद्यार्थियों ने रंगोली प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। जिसमें बच्चों ने आकर्षक रंगोलियां बनाकर अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। छत्रपति शिवाजी तालाब समिति की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। नगर पंचायत अध्यक्ष कमलेश मोहन ने सभी प्रतिभागियों, आयोजकों और सहयोगियों का आभार जताते हुए आयोजन की सफलता पर बधाई दी।

डांडिया महोत्सव में देर रात तक झूमे नगरवासी

बता दें गंगा आरती के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। उत्सव वाटिका होटल में आयोजित डांडिया महोत्सव विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। फिल्मी और लोकगीतों की धुन पर युवक-युवतियों, महिलाओं और बच्चों ने डांडिया और गरबा नृत्य किया। रंग-बिरंगी रोशनी और पारंपरिक परिधानों ने उत्सव की रौनक बढ़ा दी। देर रात तक लोग संगीत की धुन पर झूमते रहे।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। इस अवसर पर तहसीलदार, नायब तहसीलदार भूपेंद्र सिंह, सुनीता कमल, कुलभूषण पांडेय, दिलीप पांडेय, रामेश्वर राय, सुरेंद्र गुप्ता, कमल कुमार कानू सहित अनेक अधिकारी और समाजसेवी मौजूद रहे। इसके अलावा संकटमोचन मंदिर, मां काली मंदिर, पंचदेव मंदिर, प्राचीन हनुमान मंदिर, लौवा नदी तट, कैलाश कुंज द्वार, मल्देवा और जाबर सहित विभिन्न घाटों पर भी दीप जलाए गए। पूरे दुद्धी क्षेत्र में देव दीपावली का पर्व उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ मनाया गया।

ये भी पढ़ें: सपा की पहली लिस्ट हुई जारी, पांच सीटों पर प्रत्याशी घोषित

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...