उत्तर प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं आगरा दक्षिण विधायक योगेन्द्र उपाध्याय ने सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने आगरा में छत्रपति शिवाजी महाराज के भव्य स्मारक के निर्माण को लेकर हुई महत्वपूर्ण प्रगति की जानकारी दी और इसे शीघ्र शुरू कराने का आग्रह किया।
उच्च शिक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री को बताया कि कोठी मीना बाजार की भूमि के अधिग्रहण से संबंधित विस्तृत प्रशासनिक रिपोर्ट आगरा प्रशासन द्वारा प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को भेज दी गई है। उन्होंने कहा कि यह स्मारक केवल एक इमारत नहीं, बल्कि राष्ट्र की वीर परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त बनाने का प्रेरक माध्यम होगा।
मंत्री उपाध्याय ने कहा कि आगरा जैसे ऐतिहासिक नगर में छत्रपति शिवाजी महाराज के साहस, बुद्धिमत्ता और रणनीतिक क्षमता को याद दिलाने वाला स्मारक देशभर के पर्यटकों, विद्यार्थियों और शोधकर्ताओं के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा। इसके जरिये भावी पीढ़ियों तक उनका अद्भुत शौर्य और ऐतिहासिक योगदान पहुंचाया जा सकेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि पर्यटन और संस्कृति विभाग को भेजी गई अधिकरण रिपोर्ट पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित कर स्मारक निर्माण की प्रक्रिया जल्द प्रारंभ कराई जाए। उन्होंने मुख्यमंत्री को अधिग्रहण प्रक्रिया में तेजी लाने हेतु प्रतिवेदन भी सौंपा। इस अवसर पर डॉ. अलौकिक उपाध्याय भी मौजूद रहे।
उच्च शिक्षा मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय विगत कई वर्षों से कोठी मीना बाजार में शिवाजी महाराज के स्मारक और संग्रहालय की स्थापना की मांग करते रहे हैं। उनका मानना है कि यही वह ऐतिहासिक स्थल है, जहां मुगल शासक औरंगजेब ने शिवाजी महाराज को छलपूर्वक बंदी बनाकर रखा था और यहीं से शिवाजी महाराज ने अपनी रणनीति और साहस के दम पर बंदीगृह से भव्य पलायन किया था। यह स्थल शिवाजी महाराज के अतुलनीय साहस और युद्ध कौशल का जीवंत प्रतीक है, जिसे देश के सामने लाना महत्वपूर्ण है।
इतिहासकारों की एक शोध टीम ने भी पुष्टि की है कि यह कोठी जयपुर नरेश मिर्जा राजा जयसिंह के पुत्र राजा राम सिंह की थी, जिसमें शिवाजी महाराज को बंदी बनाकर रखा गया था। मंत्री ने कहा कि यह स्मारक महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश के बीच ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक एकात्मता का मजबूत प्रतीक बन सकता है, जिससे दोनों राज्यों के लोग गौरव महसूस करेंगे।
मंत्री योगेन्द्र उपाध्याय ने 27 अप्रैल 2025 को आगरा सर्किट हाउस में मंडलायुक्त शैलेन्द्र सिंह, जिलाधिकारी अरविन्द मलप्पा बंगारी और आगरा विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एम. अरुणमोली के साथ बैठक कर कोठी मीना बाजार के अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जून के पहले सप्ताह में आगरा प्रशासन ने अधिकरण की संस्तुति पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को प्रेषित कर दी थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस ऐतिहासिक परियोजना में तेजी लाने का आश्वासन देते हुए कहा कि शिवाजी महाराज का स्मारक आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा। साथ ही पर्यटन की दृष्टि से भी आगरा को एक नया आयाम मिलेगा। यह स्मारक न सिर्फ स्थापत्य कला का उदाहरण बनेगा बल्कि राष्ट्र गौरव और सांस्कृतिक चेतना का प्रतीक भी होगा।