बहराइच। देवीपाटन मंडल की आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल 14 अगस्त को बहराइच के दौरे पर रहेंगी। अपने भ्रमण के दौरान वह आम जनता की समस्याएं सुनने के साथ कर्मचारियों और पेंशनरों की शिकायतों पर भी सुनवाई करेंगी। इसके अलावा आयुक्त दो प्रमुख निर्माण परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण करेंगी और ग्राम पंचायत अहिरौरा में आयोजित संध्या संवाद कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।
आयुक्त का कार्यक्रम सुबह 10 बजे कलेक्ट्रेट सभागार में जनसुनवाई से शुरू होगा। इस दौरान आम नागरिक अपनी शिकायतें और समस्याएं आयुक्त के समक्ष रख सकेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे से विभागीय कर्मचारियों और पेंशनरों की समस्याओं की सुनवाई की जाएगी।
दोपहर 1:30 बजे आयुक्त बहराइच-फैजाबाद-आजमगढ़ एसएच-30 और घाघरा नदी के बाएं तट पर बेलहा-बेहरौली तटबंध के स्पर निर्माण परियोजना का स्थलीय निरीक्षण करेंगी। इस दौरान निर्माण कार्य की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
इसके बाद दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक विकास खंड चित्तौरा की ग्राम पंचायत अहिरौरा में संध्या संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों की ओर से शिविर लगाए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। चयनित लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र भी वितरित किए जाएंगे।
आयुक्त के दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां पूरी की जा रही हैं। जनसुनवाई से लेकर निर्माण परियोजनाओं के निरीक्षण और ग्रामीणों के साथ संध्या संवाद तक, उनका बहराइच दौरा प्रशासनिक गतिविधियों से भरपूर रहेगा।