उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही गर्मी और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि जिलाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में रहें और आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न होने दें।
मुख्यमंत्री ने वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देशित किया कि अस्पतालों, पेयजल आपूर्ति और बिजली व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाए। उन्होंने कहा कि सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि जरूरत पड़ने पर तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जा सके।
सीएम योगी ने राहत और बचाव कार्यों को लेकर भी अधिकारियों को सतर्क रहने को कहा। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि लू और अत्यधिक गर्मी से बचाव के लिए सावधानी बरतना बेहद जरूरी है। मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों का ध्यान रखने की सलाह दी।
उन्होंने कहा कि लोग सूती या खादी के ढीले कपड़े पहनें और अधिक गर्मी के समय अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें। साथ ही मुख्यमंत्री ने आग लगने की घटनाओं को लेकर भी सतर्क रहने की अपील की और कहा कि ऐसी कोई लापरवाही न की जाए जिससे आग लगने का खतरा पैदा हो।
मुख्यमंत्री ने श्रमिकों की सुरक्षा पर भी विशेष जोर देते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि मजदूरों को थकावट, निर्जलीकरण और लू से बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं। प्रशासन को निर्देशित किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल और छाया की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।