1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. यूपी में बारिश के कहर पर सीएम योगी सख्त, नुकसान का 24 घंटे में आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश

यूपी में बारिश के कहर पर सीएम योगी सख्त, नुकसान का 24 घंटे में आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश

उत्तर प्रदेश में भारी बारिश और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशु हानि व आर्थिक नुकसान को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने 24 घंटे में नुकसान का आकलन कर पात्र लोगों को मुआवजा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा है। वहीं, कई जिलों में नदियों का जलस्तर चेतावनी स्तर से ऊपर पहुंचने पर प्रशासन को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
यूपी में बारिश के कहर पर सीएम योगी सख्त, नुकसान का 24 घंटे में आकलन कर मुआवजा देने के निर्देश

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही बारिश और उससे उत्पन्न हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनहानि, पशु हानि और आर्थिक नुकसान की घटनाओं का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने सभी वरिष्ठ अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

अधिकारियों को प्रभावित इलाकों में पहुंचकर राहत कार्य तेज करने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश, बाढ़ और आकाशीय बिजली से प्रभावित लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लें और प्रभावित परिवारों से संवाद बनाकर उन्हें तत्काल राहत उपलब्ध कराएं।

24 घंटे में नुकसान का सर्वे कर मुआवजा देने के निर्देश

सीएम योगी ने अतिवृष्टि और आकाशीय बिजली से हुई जनहानि, पशु हानि एवं संपत्ति के नुकसान का शीघ्र आकलन करने को कहा है। उन्होंने निर्देश दिया कि पात्र प्रभावित लोगों को नियमों के अनुसार 24 घंटे के भीतर मुआवजे की प्रक्रिया पूरी कर राहत राशि उपलब्ध कराई जाए।

आकाशीय बिजली और जलभराव को लेकर लोगों से सावधानी बरतने की अपील

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान सतर्क रहें। उन्होंने कहा कि आकाशीय बिजली गिरने की संभावना के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। वहीं, अत्यधिक बारिश के दौरान नदियों और जलाशयों में जाने या स्नान करने से विशेष सावधानी बरतें।

 

कई जिलों में नदियां चेतावनी स्तर से ऊपर, रेड अलर्ट जारी

प्रदेश के कुछ जिलों में नदियों का जलस्तर चेतावनी निशान से ऊपर पहुंच गया है। प्रशासन को इन क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बागपत – हिंडन नदी
गौतमबुद्धनगर (नोएडा) – हिंडन नदी
बदायूं – गंगा नदी
अयोध्या – घाघरा नदी
बलिया – घाघरा नदी
कुशीनगर – गंडक नदी
राहत और बचाव व्यवस्था पर लगातार नजर

सरकार ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही न हो। प्रशासनिक टीमें लगातार स्थिति की निगरानी करें और जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाना सुनिश्चित करें।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...