Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 27 नवंबर को गोंडा जिले के दौरे पर पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री का कार्यक्रम बेलसर ब्लॉक की न्याय पंचायत माधवपुर के ग्राम पंचायत ठड़क्कीपट्टी में प्रस्तावित है। उनके आगमन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बता दें मंगलवार सुबह से ही गांव में अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता बढ़ गई है। कार्यक्रम स्थल को तैयार करने से लेकर सुरक्षा और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने का काम शुरू कर दिया गया है। इस दौरान मुख्यमंत्री मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए मंगलवार को एडीएम प्रमोद झा, सीआरओ रिंकी जायसवाल, एसडीएम सदर जितेंद्र वर्मा और एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला सहित कई अधिकारी गांव पहुंचे। अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। राजस्व विभाग के कानूनगो और लेखपालों को जमीन का सीमांकन कर कार्यक्रम स्थल चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए अधिकारियों ने उपलब्ध जमीन और लोगों के बैठने सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली। प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री के आगमन से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
कार्यक्रम की तैयारियों के बीच प्रशासन ने किसानों के हितों का भी ध्यान रखने के निर्देश दिए हैं। एसडीएम तरबगंज सविता शुक्ला ने राजस्व कर्मचारियों से कहा कि भूमि सीमांकन और अन्य व्यवस्थाओं के दौरान किसानों के खेतों और मेड़ों को नुकसान नहीं पहुंचना चाहिए। जिसमें उन्होंने साफ कहा है कि कार्यक्रम के बाद किसानों के बीच जमीन की सीमा को लेकर कोई विवाद नहीं होना चाहिए। अब ऐसे में यदि किसी खेत की मेड़ टूटती है या जमीन को नुकसान पहुंचता है तो उसे पहले की स्थिति में दुरुस्त कराया जाए।
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ कार्यक्रम के दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को टैबलेट वितरित करेंगे। इसके अलावा कुछ अन्य कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। मुख्यमंत्री के दौरे को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन के अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं।
जानकारी के लिए बता दें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को इससे पहले गोंडा के जयप्रभाग्राम में आयोजित कथा कार्यक्रम में भी पहुंचना था। हालांकि, उनकी मां सावित्री देवी के निधन के कारण यह कार्यक्रम रद्द हो गया था। मां के निधन की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री गोरखपुर से लखनऊ और फिर अपने पैतृक गांव पंचूर चले गए थे। अब 27 नवंबर को ठड़क्कीपट्टी में उनके प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय है।
ये भी पढ़ें: अखिलेश को शादाब चौहान ने घेरा, मुस्लिम और दलित मुद्दों पर उठाए सवाल