उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्य प्रदेश के दतिया पहुंचे, जहां उन्होंने प्रसिद्ध पीताम्बरा पीठ में मां बगलामुखी के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने राष्ट्र की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।
विशेष विमान से दतिया एयरपोर्ट पहुंचे मुख्यमंत्री का स्वागत पूर्व गृहमंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया। इसके बाद वे सीधे पीताम्बरा पीठ पहुंचे, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा संपन्न हुई।
मां बगलामुखी के दर्शन के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाभारत काल से जुड़े ऐतिहासिक वानखंडेश्वर महादेव मंदिर में पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच उन्होंने देश और प्रदेश की प्रगति के लिए प्रार्थना की।

मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए पूरे मार्ग और मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दर्शन-पूजन के बाद वे अपने अगले कार्यक्रम के लिए ललितपुर रवाना हो गए।
सीएम योगी आदित्यनाथ के इस धार्मिक दौरे को लेकर स्थानीय श्रद्धालुओं और नागरिकों में उत्साह का माहौल देखने को मिला। उनका यह दौरा आस्था और जनकल्याण के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।