1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिजनौर को देंगे ₹1000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिजनौर को देंगे ₹1000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर दौरे पर रहेंगे। वे वर्धमान कॉलेज में जनसभा को संबोधित करने के साथ जिले में ₹1000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इसमें सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल, पर्यटन और अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।

By: BS Yadav  RNI News Network
Updated:
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बिजनौर को देंगे ₹1000 करोड़ से अधिक की विकास परियोजनाओं की सौगात

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को बिजनौर दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री वर्धमान कॉलेज में आयोजित जनसभा को संबोधित करेंगे और इस दौरान जिले को एक हजार करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

बिजनौर और चांदपुर विधानसभा की 75 परियोजनाओं का शुभारंभ

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बिजनौर विधानसभा क्षेत्र की 61 और चांदपुर विधानसभा क्षेत्र की 14 महत्वपूर्ण परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। इन योजनाओं का उद्देश्य क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करना है।

बिजनौर विधानसभा को मिलेंगी कई बड़ी सौगातें

बिजनौर विधानसभा क्षेत्र में पानीपत-खटीमा मार्ग के चौड़ीकरण, अमृत 2.0 योजना के तहत मंडावर नगर पंचायत की पेयजल व्यवस्था, महात्मा विदुर मार्ग के विस्तार, राजकीय नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास निर्माण सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। इसके अलावा राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में नए क्लासरूम निर्माण, बिजनौर नगरपालिका क्षेत्र में कल्याण मंडप निर्माण, छोईया नदी पर पुल निर्माण और तटबंधों पर कटाव निरोधक कार्य जैसी योजनाएं भी शामिल हैं।

सड़क, पर्यटन और आधारभूत सुविधाओं पर रहेगा फोकस

मुख्यमंत्री बिजनौर छजलैट मार्ग के सौंदर्यीकरण, विदुर कुटी स्थल पर पर्यटन विकास कार्य, मालन नदी पर पुल निर्माण और पानीपत-खटीमा मार्ग के विस्तारीकरण जैसी परियोजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था बेहतर होने के साथ पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

 

चांदपुर विधानसभा में भी विकास कार्यों की शुरुआत

चांदपुर विधानसभा क्षेत्र में बालावाली-किरतपुर-नहटौर-चांदपुर-फीना मार्ग चौड़ीकरण, राजकीय महिला आईटीआई जहांगीरपुर मझरा, दतियाना से सयाली मार्ग विस्तार और पेयजल योजनाओं सहित कई परियोजनाओं का लोकार्पण किया जाएगा। वहीं चांदपुर-बास्टा-मानपुर-अहरौला मार्ग चौड़ीकरण और नगरपालिका चांदपुर में इंटरसेप्शन एवं डायवर्जन तथा एसटीपी निर्माण कार्य का शिलान्यास भी प्रस्तावित है।

मेडिकल कॉलेज का भी करेंगे लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने बिजनौर दौरे के दौरान मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण भी करेंगे। इस परियोजना से जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को नई मजबूती मिलने की उम्मीद है और स्थानीय लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...