1. हिन्दी समाचार
  2. उत्तर प्रदेश
  3. नोएडा में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 471 वाहनों के चालान और 19 सीज

नोएडा में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 471 वाहनों के चालान और 19 सीज

नोएडा पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर 471 वाहनों के चालान किए और 19 वाहन सीज किए। अभियान में 1,922 वाहनों और 2,068 लोगों की जांच की गई, जबकि 327 लोगों पर वैधानिक कार्रवाई हुई।

By: Nivedita  RNI News Network
Updated:
नोएडा में ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ पुलिस का बड़ा अभियान, 471 वाहनों के चालान और 19 सीज

नोएडा।  गौतमबुद्धनगर में सड़क सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए नोएडा पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान चलाया। 30 अक्टूबर को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर नोएडा जोन के सभी थाना क्षेत्रों में यह कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान 471 वाहनों के चालान काटे गए, जबकि 19 वाहनों को सीज किया गया।

45 पुलिस टीमों ने संभाला मोर्चा

डीसीपी नोएडा प्रीति यादव के नेतृत्व और एडीसीपी अभय कुमार मिश्र की निगरानी में 45 पुलिस टीमों को अभियान में लगाया गया। इन टीमों ने शहर के 45 प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन चेकिंग की। इस दौरान कुल 1,922 वाहनों और 2,068 लोगों की जांच की गई।

327 लोगों के खिलाफ की गई कार्रवाई

अभियान के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बिगाड़ने और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए 327 लोगों के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 292 के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर भी सख्ती दिखाई।

 

 

बाजारों और संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई निगरानी

चेकिंग के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाजारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, औद्योगिक इलाकों और प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। इसके अलावा बैंकों, एटीएम, होटलों और ढाबों में सुरक्षा व्यवस्था की जांच की गई। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों पर विशेष नजर रखी गई।

रात में गश्त बढ़ाने के निर्देश

पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को पैदल गश्त और रात्रि पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। साथ ही असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने और शहर में सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने को कहा गया।नोएडा पुलिस के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और कानून व्यवस्था मजबूत करने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें गूगल न्यूज़, फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...