उत्तर प्रदेश सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के 13 अधिकारियों के तबादले किए हैं। शासन की ओर से जारी आदेशों के तहत कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
तबादला सूची के अनुसार इन्द्र विक्रम सिंह को गोरखपुर का मंडलायुक्त बनाया गया है। वहीं वैभव श्रीवास्तव को बस्ती मंडल और शम्भू कुमार को बरेली मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। डॉ. लोकेश एम को प्रयागराज मंडल का नया मंडलायुक्त बनाया गया है।

यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 13 IAS अधिकारियों के तबादले
प्रकाश बिन्दु को प्रबंध निदेशक, पीसीडीएफ (PCDF) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सौम्या अग्रवाल को उत्तर प्रदेश का नया श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है। वहीं पुष्प राज सिंह को नोएडा का अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (ACEO) बनाया गया है।
सतीश पाल को उत्तर प्रदेश शासन के गृह विभाग में विशेष सचिव की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं डॉ. बलकार सिंह को उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (UPSIDA) का मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) नियुक्त किया गया है। सरकार का मानना है कि इन प्रशासनिक बदलावों से विभिन्न विभागों और मंडलों में कार्यों के बेहतर समन्वय और प्रभावी क्रियान्वयन को गति मिलेगी।