बाराबंकी के हैदरगढ़ तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को अधिवक्ताओं ने एसडीएम के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में अधिवक्ता सड़कों पर उतर आए और विरोध जताया।
अधिवक्ता तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अचल मिश्रा के नेतृत्व में लखनऊ-सुल्तानपुर नेशनल हाईवे तक पहुंचे और जुलूस निकालकर नारेबाजी की। इस दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शनकारियों ने तहसील प्रशासन पर भ्रष्टाचार और अनदेखी के आरोप लगाए। उन्होंने “भ्रष्टाचार बंद करो” और “एसडीएम का स्थानांतरण करो” जैसे नारे लगाए।

अधिवक्ताओं ने साफ कहा कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती और एसडीएम का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
प्रदर्शन के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी रही और प्रशासन पर मामले को जल्द सुलझाने का दबाव बढ़ गया है।