Uttar Pradesh News: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव (Uttar Pradesh Assembly Elections 2027) को लेकर राजनीतिक गतिविधियां शुरू हो गई हैं। बता दें इसी बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के सामाजिक परिवर्तन मोर्चा ने अपनी ताकत दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। वहीं, आज मंगलवार को लखनऊ प्रेस क्लब (Lucknow Press Club) में दोनों दलों की संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस हुई। इसमें 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई अंबेडकर मैदान में होने वाली बहुजन स्वराज संकल्प महारैली की जानकारी दी गई।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) की राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य और दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष एवं संयोजक हिमांशु वाल्मीकि ने बताया कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर बहुजन स्वराज संकल्प महारैली आयोजित की जाएगी। इस रैली के जरिए सामाजिक परिवर्तन मोर्चा 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले अपनी राजनीतिक ताकत का प्रदर्शन करेगा। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य संविधान और बहुजन समाज के अधिकारों को लेकर लोगों को एकजुट करना है। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की तैयारी की जा रही है।
AIMIM के राष्ट्रीय प्रवक्ता शादाब चौहान ने कहा कि इस महारैली में पिछड़े, गरीब, शोषित और वंचित वर्ग के लोग शामिल होंगे। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में गरीब, वंचित और दलित वर्ग की आबादी 50 प्रतिशत से अधिक है। ऐसे में इस रैली में 5 लाख से ज्यादा लोगों के पहुंचने की उम्मीद है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शादाब चौहान ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव और बाबा म्यूजिकल चेयर का गेम खेल रहे हैं। उन्होंने डिंपल यादव से जुड़े ईडी मामले, आजम खान और मुस्लिम समाज के मुद्दों को लेकर भी सपा पर सवाल उठाए। शादाब चौहान ने आरोप लगाया कि सपा अपने निजी राजनीतिक स्वार्थ के लिए अपनी जाति के लोगों का इस्तेमाल करती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जब मुसलमानों पर अत्याचार होता है तो सपा के नेता सामने नहीं आते। इसके अलावा उन्होंने दलितों के हित से जुड़े एक बिल को सदन में फाड़े जाने का आरोप भी अखिलेश यादव पर लगाया। सामाजिक परिवर्तन मोर्चा की यह महारैली 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई हलचल पैदा कर सकती है।
ये भी पढ़ें: यूपी चुनाव से पहले सपा का बड़ा दांव, कांग्रेस को 26 सीटें